चुवाड़ी को सिविल कोर्ट के साथ एक और सौगात
चंबा जिला के भटियात विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को चुवाड़ी में सिविल कोर्ट और सीबीएसई संबद्ध स्कूल खोलने की बड़ी घोषणा की।
चुवाड़ी के ऐतिहासिक चौगान में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विभिन्न सडक़ परियोजनाओं के लिए 10 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता देने का भी ऐलान किया।
इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार अगले महीने से ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ का शुभारंभ करने जा रही है, जो प्रदेश के गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने नई योजना का खाका पेश करते हुए कहा कि इसके तहत गरीब परिवारों की पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी।
लाभार्थी परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य बीमा कार्ड के जरिए कैशलेस इलाज की सुविधा भी मिलेगी। अकेले भटियात विधानसभा क्षेत्र के लगभग 10 हजार पात्र परिवारों की 20 हजार महिलाएं इस महत्त्वाकांक्षी योजना से लाभान्वित होंगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि चंबा मेडिकल कालेज के सुचारू संचालन के लिए 190 करोड़ रुपए का बजट दिया गया है और वहां एमडी व एमएस की 32 स्नातकोत्तर सीटें भी शुरू की गई हैं।
शिक्षा के मोर्चे पर सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि मेरिट के आधार पर 2700 से अधिक शिक्षकों की भर्ती की गई है और 100 से ज्यादा स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ा जा रहा है।
सरकार के इन्हीं व्यावहारिक प्रयासों का नतीजा है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में हिमाचल प्रदेश वर्ष 2021 के 21वें स्थान से छलांग लगाकर वर्ष 2025 में देश भर में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
