बर्फ़बारी के चलते लाहौल में 8 से 10 हजार पर्यटक फंसे

सोमवार को बर्फ का दीदार करने पर्यटन स्थलों में गए पर्यटकों के लिए बर्फ आफत बन गई। सुबह जब पर्यटक लाहौल की ओर जा रहे थे तो बारिश हो रही थी, लेकिन 11 बजे के बाद हिमपात शुरू हो गया लेकिन तब तक सोलंगनाला से डेढ़ हजार से अधिक वाहन लाहौल में प्रवेश कर चुके थे।

लाहौल की अपेक्षा मनाली की ओर टनल के साऊथ पोर्टल में बर्फ की रफ्तार तेज हो गई जिस कारण वाहन फंसना शुरू हो गए।

देखते ही देखते अटल टनल के अंदर पर्यटक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बर्फ की रफ्तार तेज होती देख मनाली पुलिस ने पर्यटकों को वापस भेजना शुरू किया। दोपहर बाद 3 बजे डी.एस.पी. मनाली के नेतृत्व में रैस्क्यू ऑप्रेशन शुरू किया। साऊथ पोर्टल मनाली की ओर आधा फुट से अधिक जबकि नाॅर्थ पोर्टल लाहौल की ओर आधा फुट हिमपात हुआ।

दिल्ली से आए पर्यटक जसविंद्र सिंह व अंजलि ने बताया कि वे पर्यटकों के साथ डेढ़ बजे से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में फंसे थे। उन्होंने बताया कि उनके साथ डेढ़ हजार के लगभग पर्यटक वाहनों में आठ से दस हजार पर्यटक फंस गए थे।

उन्होंने बताया कि शाम सात बजे तक वे लोग वहीं फंसे रहे, फिर सात बजे के बाद धीरे-धीरे उनके वाहन मनाली की ओर बढ़ना शुरू हुए। डी.एस.पी. मनाली के.डी. शर्मा ने बताया कि एक हजार वाहन सोलंगनाला से धुंधी व नाॅर्थ पोर्टल पर जबकि इतने ही वाहन लाहौल की ओर फंस गए थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस जवान देर रात तक पर्यटक वाहनों को निकालने में जुटे रहे, अधिकतर पर्यटकों को उनके होटलों में सुरक्षित पहुंचाया गया है तथा शेष को रैस्क्यू कर मनाली पहुंचाया गया।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *