टांडा में हिमकेयर कार्ड बंद, मरीजों की बढ़ी परेशानी
डा. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कालेज एवं अस्पताल टांडा में हिमकेयर कार्ड की सुविधा न मिलने से दूरदराज से आने वाले गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कई मरीज इलाज करवाए बिना लौट रहे हैं, जबकि कइयों को मजबूरी में हजारों रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। जोगिंद्रनगर से अपने भाई का इलाज करवाने पहुंची रजनी देवी ने बताया कि उन्होंने इलाज के लिए ही हिमकेयर कार्ड बनवाया था, लेकिन टांडा पहुंचने पर पता चला कि इसकी सुविधा नहीं मिल रही है।
अब तक उनके 10 से 15,000 रुपए अतिरिक्त खर्च हो चुके हैं। चम्बा से आए धर्म चंद ने बताया कि लंबा सफर तय कर अस्पताल पहुंचे, लेकिन कार्ड न चलने के कारण उन्हें उधार पैसे लेकर इलाज शुरू करवाना पड़ा।
कांगड़ा निवासी शम्मी शर्मा ने बताया कि ऑप्रेशन के लिए हिमकेयर कार्ड दिया, लेकिन सुविधा नहीं मिलने से उन्हें करीब 20,000 रुपए खर्च करने पड़े। उन्होंने कहा कि जब कार्ड बना है तो मरीजों को इसका लाभ मिलना चाहिए।
चम्बा से आई सुमन देवी ने बताया कि उनकी सास के ऑप्रेशन के दौरान हिमकेयर कार्ड होने के बावजूद 15 से 20,000 रुपए खर्च हो गए।
वहीं शाहपुर निवासी अमर सिंह ने बताया कि एमआरआई सहित अन्य जांचों के लिए उन्हें रिश्तेदारों से पैसे उधार लेने पड़े। मरीजों ने सरकार से मांग की है कि हिमकेयर कार्ड की सुविधा दोबारा बहाल कर गरीब लोगों को राहत दी जाए।







