सड़क दुर्घटना : जोगिन्दरनगर में 1 और लडभड़ोल में 6 युवकों की मौत
जोगिन्दरनगर : जोगिन्दरनगर में एक स्कूटी दुर्घटना में 1 युवक अंश गिल की मौत हो गई जबकि लडभड़ोल क्षेत्र में मंगलवार रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 6 युवकों की मौत होने से समस्त क्षेत्र में शोक लहर है। लडभड़ोल क्षेत्र में कार दुर्घटना का खुलासा बुधवार सुबह हुआ।
हादसा इतना दर्दनाक रहा कि कार में सवार छह युवकों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात पेट्रोल पंप के समीप से एक कार अनियंत्रित होकर चफलूखड़ में करीब 200 फुट गहरी खड्ड में जा गिरी।
हैरानी की बात यह रही कि रातभर किसी को भी हादसे की भनक तक नहीं लगी और कार सवार युवक पूरी रात खड्ड में ही पड़े रहे। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात हुए इस हादसे के बाद कार सडक़ से सीधे गहरी खड्ड में जा गिरी।
रात के अंधेरे और सुनसान माहौल के चलते किसी को भी दुर्घटना का पता नहीं चल पाया। बुधवार सुबह एक स्थानीय जागरूक युवक की नजर सड़क किनारे पड़े किसी वाहन के टूटे हुए पुर्जों पर पड़ी।
युवक को कुछ अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उसने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज देखने पर किसी वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अंदेशा हुआ।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने खड्ड की तरफ जाकर तलाश की तो नीचे क्षतिग्रस्त कार दिखाई दी। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी छह युवकों को खड्ड से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हादसे में गंभीर चोटें लगने के साथ ही पूरी रात खुले में गहरी खड्ड के भीतर पड़े रहने और कड़ाके की ठंड के कारण भी युवकों की जान गई हो सकती है।
हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी। मृतकों की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है और सभी आसपास के गांवों के रहने वाले थे।
एक साथ छह युवाओं की मौत से लडभड़ोल क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
