एक बार फिर बर्फ से लकदक होंगी हिमाचल की वादियां

प्रदेशवासियों सहित पर्यटकों को एक बार फिर हिमाचल में बर्फ का दीदार होगा। मौसम विभाग की मानें तो 5 व 6 जनवरी को बर्फबारी व वर्षा होगी। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों में बिजली के साथ तूफान आने का यैलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

5 जनवरी को मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में अधिकांश स्थानों पर बारिश व बर्फबारी, जबकि मैदानी इलाकों में 1-2 स्थानों पर हल्की बारिश, जबकि 6 जनवरी को मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में अधिकांश स्थानों पर बर्फबारी व वर्षा, जबकि मैदानी इलाकों में अनेक स्थानों पर वर्षा होगी।

इसका असर 7 जनवरी को भी देखने को मिलेगा। 8 जनवरी के बाद मौसम साफ व शुष्क रहेगा। शुक्रवार व शनिवार को मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 1-2 स्थानों पर हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है।

सुंदरनगर व ऊना में शीतलहर का प्रकोप
राज्य में पिछले 24 घंटों में मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन सुंदरनगर व ऊना में शीतलहर का प्रकोप रहा, जबकि बिलासपुर में घना व ऊना में मध्यम कोहरा छाया रहा।

गुरुवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्के बादलों के साथ धूप खिली और चम्बा में अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री, जबकि शिमला में 17.2 डिग्री रहा। ऊना व नाहन में 16-16 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान ताबो में माइनस 14.7 व शिमला में 9.6 डिग्री रहा। इसके अलावा कुकुमसेरी, समधो व कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे माइनस में चला हुआ है।

123 वर्षों में दिसम्बर माह में 44वीं सर्वाधिक वर्षा हुई रिकाॅर्ड
वर्ष 1901 से 2024 के बीच 123 वर्षों में दिसम्बर माह में 44वीं सर्वाधिक वर्षा 48.2 मिलीमीटर रिकाॅर्ड की गई है। इससे पहले वर्ष 1929 में 176 मिलीमीटर वर्षा रिकाॅर्ड की गई थी।

राज्य में दिसम्बर माह में सामान्य से 27 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकाॅर्ड की गई है और इस अवधि में 48.2 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जबकि दिसम्बर माह में 38.1 मिलीमीटर सामान्य वर्षा होती है।

ऊना के भरवाईं में 28 दिसम्बर को सबसे ज्यादा 70 मिलीमीटर बारिश और भरमौर में 29 दिसम्बर को 43 सैंटीमीटर बर्फ गिरी है, जबकि पोस्ट मानसून सीजन में 1 अक्तूबर से 31 दिसम्बर के बीच सामान्य से 41 फीसदी कम वर्षा हुई है। इस अवधि में सामान्य रूप से 82.9 मिलीमीटर वर्षा के विपरीत 49.1 मिलीमीटर बारिश रिकाॅर्ड की गई है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *