हिमाचल में रोहतांग सहित सभी दर्रों में आधा फुट हिमपात

हिमाचल में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। रोहतांग सहित सभी दर्रों में आधा फुट हिमपात हुआ है। रोहतांग सहित शिंकुला, कुंजम, बारालाचा और तंगलंगला दर्रे में आधा फुट हिमपात हुआ है। हिमपात होने से सड़क बहाल करने में जुटे बीआरओ की दिक्कत बढ़ गई है।

रोहतांग दर्रे में हुए ताज़ा हिमपात का नज़ारा

दोनों पोर्टल में गिरे फाहे

सुबह के समय अटल टनल रोहतांग के दोनों पोर्टल में बर्फ के फाहे गिरे। मौसम खराब होता देख सुबह के समय मनाली-केलांग मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी लेकिन मौसम थमते ही 11 बजे के बाद वाहन टनल के आर-पार हो गए।

वाहनों की आवाजाही रही बंद

वीरवार को हालांकि शिंकुला दर्रे में वाहनों की आवाजाही बंद रही लेकिन मनाली-केलांग मार्ग में वाहनों की आवाजाही सुचारू है। अप्रैल महीने के दूसरे सप्ताह में खराब चल रहे मौसम ने लाहौल के किसानों की दिक्कत को भी बढ़ा दिया है।

पर्यटकों ने लिया बर्फ के फाहों का आनंद

वीरवार सुबह के समय सोलंगनाला के अंजनी महादेव, फातरू, गुलाबा, अटल टनल के साऊथ व नाॅर्थ पोर्टल में पर्यटकों ने बर्फ के फाहों का आनंद लिया। पर्यटकों ने आसमान से गिरते बर्फ के फाहों को कैमरे में कैद किया। दोपहर के समय मौसम साफ हो गया। पर्यटकों ने दिनभर पर्यटन स्थलों में बर्फ की खेलों का आनंद लिया।

पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद

पर्यटन नगरी मनाली में इस सप्ताहांत पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि हर रोज बाहरी राज्यों से पर्यटक मनाली आ रहे हैं लेकिन सप्ताहांत में आमद दोगुना बढ़ रही है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बताया कि पर्यटन स्थलों में हो रहे हिमपात से पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस सप्ताहांत पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *