कांगड़ा के चाय बागानों में पर्यटन की नई संभावनाएं तलाशेगी सुक्खू सरकार

हिमाचल प्रदेश में पर्यटन के नए आयाम विकसित करने की दिशा में सुक्खू सरकार अब चाय बागानों को भी पर्यटन अर्थव्यवस्था से जोड़ने की तैयारी में है।

कांगड़ा की ऐतिहासिक चाय विरासत को पर्यटन के रूप में विकसित करने की यह पहल प्रदेश में पर्यटन के पारंपरिक दायरों से आगे बढ़कर नए आकर्षण तैयार करने की संभावनाएं खोल सकती है।

इसी कड़ी में धर्मशाला, पालमपुर और बीड़ के खूबसूरत चाय बागानों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने के लिए पर्यटन विभाग ने सरकार को प्रस्ताव भेजा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की प्रदेश को प्रमुख पर्यटन गंतव्य बनाने की सोच के तहत टी टूरिज्म को भी नई पहचान देने के प्रयास हो रहे हैं।

सरकार ने वर्ष 2025-26 के बजट में भी चाय बागानों को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। इसकी पहल सीएम सुक्खू की ओर से पर्यटन जिला कांगड़ा घाटी से की जा रही है। दक्षिण भारत के केरल स्थित मन्नार और तमिलनाडु के ऊटी व कुन्नूर में चाय बागान पर्यटन के प्रमुख आकर्षण बन चुके हैं।

यहां पर्यटक केवल चाय बागानों की खूबसूरती देखने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि चाय की पत्तियां तोडऩे, प्रसंस्करण की प्रक्रिया समझने, चाय कारखानों और संग्रहालयों का भ्रमण करने तथा अलग-अलग किस्मों की चाय का स्वाद लेने का अनुभव भी हासिल करते हैं।

मुन्नार में चाय संग्रहालय और ऊटी में चाय कारखाना एवं संग्रहालय इस पर्यटन मॉडल के प्रमुख उदाहरण हैं। इसी तरह कांगड़ा के चाय बागानों में भी चाय की खेती से लेकर उत्पादन और स्थानीय चाय संस्कृति तक को पर्यटन अनुभव का हिस्सा बनाया जा सकता है।

इसके तहत निर्देशित भ्रमण, चाय चखने की सुविधा, स्थानीय उत्पादों की बिक्री और चाय बागानों के आसपास पर्यटन सुविधाएं विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। इस संबंध में पर्यटन विभाग कांगड़ा के जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान ने बताया कि विभाग होटलियर्स एसोसिएशन के साथ नियमित बैठकें करता है।

इसके अलावा ट्रैवल एजेंसियों और टैक्सी ऑपरेटरों को भी धर्मशाला, पालमपुर और बीड़ के चाय बागानों के बारे में पर्यटकों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सरकार से दिशा-निर्देश मिलने के बाद आगामी कदम उठाए जाएंगे।

कांगड़ा चाय का इतिहास

कांगड़ा की चाय की पहचान करीब पौने दो सौ साल पुरानी है। वर्ष 1849 में डॉ. जेम्सन ने कांगड़ा घाटी की जलवायु और मिट्टी को चाय की खेती के अनुकूल पाया था। इसके बाद वर्ष 1852 में पालमपुर के होल्टा में व्यावसायिक चाय बागान की शुरुआत हुई। धीरे-धीरे पालमपुर, धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में चाय की खेती का विस्तार हुआ।

कांगड़ा की चाय ने वर्ष 1886 में लंदन और 1895 में एम्स्टर्डम में अपनी गुणवत्ता के लिए स्वर्ण और रजत पदक हासिल कर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई। हालांकि वर्ष 1905 के विनाशकारी भूकंप ने चाय उद्योग को भारी नुकसान पहुंचाया।

इसके बावजूद कांगड़ा चाय ने अपनी विशिष्ट पहचान बरकरार रखी और इसे भौगोलिक संकेतक (जीआई) का दर्जा भी प्राप्त है। मौजूदा समय में यूरोप सहित विदेशों में कांगड़ा चाय की बड़ी डिमांड रहती है।

रोजगार-उद्योग को मिलेगा संबल

टी टूरिज्म विकसित होने से पर्यटन कारोबारियों के साथ चाय उत्पादकों, स्थानीय युवाओं, टैक्सी ऑपरेटरों और छोटे कारोबारियों के लिए भी नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

इससे कांगड़ा की चाय को केवल एक कृषि उत्पाद के बजाय पर्यटन पहचान के रूप में भी स्थापित करने का अवसर मिलेगा। धर्मशाला, पालमपुर और बीड़ आने वाले पर्यटकों को धौलाधार की वादियों में चाय बागानों के बीच समय बिताने का नया अनुभव मिल सकेगा।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *