पांच माह बाद मनाली-लेह सामरिक सड़क पर दौड़ेंगी गाड़ियां

मनाली-लेह सामरिक मार्ग पर करीब पांच महीन बाद शनिवार को सीमा सडक़ संगठन द्वारा यातायात के लिए खोल दिया गया। रविवार से वाहनों की आवाजाही शुरू होने जा रही है। बारालाचा दर्रा के आसपास बर्फ की ऊंची दीवारें खड़ी होने से ट्रैफिक को फिलहाल वन-वे शुरू किया जा रहा है।

मनाली लेह सड़क मार्ग का एक नज़ारा

एक दिन दारचा से सरचू और दूसरे दिन सरचू से दारचा की तरफ वाहनों की आवाजाही होगी।

अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं उपायुक्त लाहुल-स्पीति राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि शनिवार को सीमा सड़क संगठन द्वारा मनाली-लेह राजमार्ग (एनएच-03) को यातायात के लिए खोल दिया गया है।

उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि वर्तमान सडक़ की स्थिति के कारण अगले आदेश तक दारचा से सरचू तक यातायात को वैकल्पिक दिवस के अनुरूप ही नियंत्रित कर वाहनों का संचालन किया जाएगा।

बारालाचा दर्रा मार्ग का एक बड़ा हिस्सा बर्फ के कारण अभी वन-वे है, जिसके कारण हर तरफ से वैकल्पिक दिनों में वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी जाएगी।

19 मई यानी रविवार को वाहनों को दारचा से सरचू की ओर जाने की अनुमति होगी, जिसमें फोर वाई फोर वाहन, चेन वाले फोर वाई टू और भारी वाहन यानी ट्रकों को केवल सुबह 7 बजे से 12 बजे तक अनुमति दी जाएगी।

फिलहाल बर्फीली सडक़ की स्थिति के कारण मोटरसाइकिल और छोटे फोर वाई टू वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। अगले दिन 20 मई को सरचू से दारचा की ओर ही वाहनों की आवाजाही की अनुमति होगी।

उपायुक्त ने कहा कि सुचारू रूप से यातायात प्रवाह सुनिश्चित करने व समन्वय तथा सहायता करने के लिए पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।

उन्होंने लोगों से यह भी आग्रह किया कि इस समय सारणी का सख्ती से पालन किया जाएगा, ताकि ट्रैफिक जाम न हो और किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

वाहनों की आवाजाही मौसम और सड़क की स्थिति पर निर्भर करेगी।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *