भाखड़ा डैम में केबल-फेरी से होगा आस्था का सफर, श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों मां नयनादेवी मंदिर और बाबा बालक नाथ तपोस्थली शाहतलाई को भाखड़ा डैम के जरिए केबल-फेरी सेवा से कनेक्ट करने की महत्त्वाकांक्षी परियोजना को केंद्र सरकार से हरी झंडी मिल गई है।

उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्रीनयनादेवी और बाबा बालकनाथ की तपोभूमि शाहतलाई के बीच कनेक्टिविटी से श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

इस परियोजना के तहत भाखड़ा डैम में केबल फेरी सेवा शुरू कर दोनों धार्मिक स्थलों के बीच सीधी कनेक्टिविटी स्थापित की जाएगी। जल्द ही मंत्रालय की एक टीम विजिट के लिए बिलासपुर पहुंचेगी।

उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने इस महत्त्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को केंद्र की हरी झंडी मिलने की खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि राज्य सरकार के माध्यम से एक महत्त्वपूर्ण प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था, जिसे केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से मंजूरी मिल चुकी है।

हाल ही में इस परियोजना को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई है, जिसमें प्रदेश व केंद्रीय अधिकारियों ने विस्तृत चर्चा कर परियोजना की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया।

साथ ही मंत्रालय की एक टीम को जल्द ही बिलासपुर भेजने का निर्णय लिया गया है, जो साइट का भौतिक निरीक्षण करेगी। परियोजना के तहत प्रस्तावित आधुनिक सुविधाओं से लैस केबल फेरी सेवा में एक बार में लगभग 25 से 30 गाडिय़ां (कार, मोटरसाईकिल, स्कूटर) और 100 से 150 यात्रियों को ले जाने की क्षमता होगी।

इसके शुरू होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ा लाभ मिलेगा। उपायुक्त के अनुसार वर्तमान में दोनों धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए वाया ऊना जिला से होकर लंबा सड़क मार्ग तय करना पड़ता है, जिसमें काफी समय लगता है।

लेकिन फेरी सेवा शुरू होने के बाद श्रद्धालु एक ही दिन में मां नयनादेवी मंदिर और बाबा बालक नाथ तपोस्थली शाहतलाई के दर्शन आसानी से कर सकेंगे।

यह परियोजना न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास और स्थानीय लोगों के लिए नए रोजगार अवसर भी पैदा करेगी।

दो किलोमीटर है फासला

श्रीनयनादेवी से शाहतलाई के लिए गोबिंदसागर झील में एक तरफ जाने के लिए लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर लंबा फासला है।

ऐसे में श्रीनयनादेवी-शाहतलाई धार्मिक स्थलों को आपस में कनेक्ट करने के लिए में केबल फेरी शुरू करने की बड़ी योजना पर काम शुरू किया गया है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *