हिमाचल में 4 जून से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज आगामी सप्ताह के दौरान लगातार बदलता रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग शिमला के अनुसार प्रदेश में चार जून से एक बार फिर मौसम सक्रिय होने जा रहा है।

राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चार जून को प्रदेश के अधिकांश भागों में तथा पांच जून को कई स्थानों पर वर्षा और बर्फबारी की संभावना जताई है।

इसके अलावा 3 और 6 जून को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

तीन जून को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में तथा चार और पांच जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।

तापमान की बात करें तो प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान भी सामान्य से दो से नौ डिग्री सेल्सियस तक कम रहा।

प्रदेश का न्यूनतम तापमान लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान ऊना में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

कहां कितनी हुई बारिश

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सराहन में 34.0 मिलीमीटर, कल्पा में 24.6 मिलीमीटर, सांगला में 17.4 मिलीमीटर, दड़ाहू में 11.2 मिलीमीटर, धौलाकुआं में 11.0 मिलीमीटर, पूह में 10.4 मिलीमीटर, जाटोन बैराज में 10.2 मिलीमीटर, पांवटा साहिब में 8.4 मिलीमीटर, तबो में 7.0 मिलीमीटर और खोकसर में 6.3 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *