लंबे इंतजार के बाद बहाल हुई पठानकोट-जोगिन्दरनगर रेल सेवा

कांगड़ा। क्षेत्र के लाखों लोगों की जीवनरेखा मानी जाने वाली पठानकोट-जोगिन्दरनगर रेल सेवा लंबे समय के बाद एक बार फिर बहाल हो गई। मंगलवार को हमीरपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

लंबे इंतजार के बाद बहाल हुई पठानकोट-जोगिन्दरनगर रेल सेवा

 

इस अवसर पर रेलवे विभाग के जीएम, सांसद राजीव भारद्वाज, कांगड़ा के विधायक पवन काजल, नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का, भाजपा नेता विश्व चक्षु सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

इस मौके पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस रेलमार्ग की बहाली में अपेक्षा से अधिक समय अवश्य लगा, लेकिन केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय के समक्ष इस मुद्दे को लगातार उठाया जाता रहा।

उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों के लिए यह रेलमार्ग केवल परिवहन का साधन नहीं बल्कि उनकी जीवनरेखा है, इसलिए इसकी बहाली को लेकर लगातार प्रयास किए गए।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भविष्य में इस रेलमार्ग को ब्रॉडगेज में परिवर्तित करने की दिशा में भी प्रयासरत है। ठाकुर ने कहा कि पुराने रेलमार्गों पर मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों में तकनीकी चुनौतियां आती हैं, जिसके कारण समय अधिक लगा। इसके बावजूद रेलवे विभाग ने लगातार काम कर रेल सेवा को दोबारा शुरू करने में सफलता प्राप्त की है।

अनुराग ठाकुर ने बताया कि अभी भी कुछ ऐसे संवेदनशील स्थान हैं जहां बरसात के मौसम में दिक्कतें आ सकती हैं। उन्होंने कहा कि इन स्थानों के स्थाई समाधान और सुरक्षा कार्यों के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध करवाने हेतु केंद्र सरकार के स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इस रेलमार्ग को और अधिक सुरक्षित तथा सुविधाजनक बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग रेल सेवा बहाली के मुद्दे पर राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के गरीब, किसान, मजदूर और आम लोगों की सुविधा है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना ही उनका उद्देश्य है और इसी भावना के साथ लगातार कार्य किया जा रहा है।

प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि हाल ही में हुए पंचायती राज, नगर निगम और नगर निकाय चुनावों के परिणामों ने प्रदेश सरकार को आईना दिखाने का काम किया है।

उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों में जनता का रुझान स्पष्ट रूप से सामने आया है और लोगों ने अपने मत के माध्यम से सरकार को संदेश दिया है।

रेल सेवा बहाल होने की खबर से कांगड़ा, नूरपुर, ज्वालामुखी, पालमपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में खुशी का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलमार्ग के दोबारा शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी, वहीं व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। लोगों ने रेल सेवा बहाल होने पर केंद्र सरकार, रेलवे विभाग और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *