जोगिन्दरनगर में शुरू हुई अंडर-19 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता
जोगिन्दरनगर : पीएमश्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिन्दरनगर में सोमवार को छात्र वर्ग की अंडर-19 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ हुआ।
33 स्कूलों की टीमें
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में जोगिन्दरनगर शिक्षा खंड के विभिन्न विद्यालयों से 473 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 33 स्कूलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे विद्यालय परिसर में खेल प्रतिभाओं और खेल भावना का माहौल देखने को मिला।
मुख्यातिथि
प्रतियोगिता का शुभारंभ उप निदेशक उच्च शिक्षा मंडी यशवीर कुमार धीमान ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा वंदे मातरम के साथ किया। इसके उपरांत विभिन्न विद्यालयों से प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे खिलाडिय़ों ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मुख्यातिथि ने मार्च पास्ट की सलामी ली।
मार्च पास्ट में भराडू प्रथम
मार्च पास्ट में राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भराडू ने प्रथम तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुम्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
प्रधानाचार्य ने किया मुख्यातिथि का स्वागत
इस अवसर पर स्कूल प्रधानाचार्य खजान सिंह ठाकुर ने मुख्यातिथि यशवीर कुमार धीमान का स्वागत करते हुए उन्हें शाल, हिमाचली टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इन प्रतियोगिताओं का हो रहा आयोजन
उन्होंने प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिनों तक विभिन्न खेल स्पर्धाओं में विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो, वालीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज और योग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
