कांगड़ा सहित 3 जिलों में होगी भारी बारिश

हिमाचल प्रदेश के तीन जिलों के लिए मौसम विभाग का रेड अलर्ट आया है। यहां पर अत्यधिक बारिश से बड़ा नुकसान होने की संभावना है। मौसम एक बार फिर से कहर बरपाने को तैयार है।

जहां तीन जिलों के लिए रेड अलर्ट है, वहीं सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी दिया गया है। साथ ही 7 व 8 जुलाई को प्रदेश के 10 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

इसके चलते मौसम विभाग ने सतर्क रहने को कहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार 6 जुलाई को कांगड़ा, मंडी व सिरमौर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, शिमला व सोलन के लिए ऑरेंज अलर्ट दिया गया है।

सात जुलाई को प्रदेश के किन्नौर व लाहौल स्पीति को छोडक़र शेष जिलों में बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

आठ जुलाई को भी सिरमौर, शिमला, मंडी, ऊना और बिलासपुर जिला में जमकर बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वानुमान के तहत शनिवार को भी कांगड़ा व मंडी में हैवी टू हैवी रेन फॉल होने की संभावना जताई है।

मंडी जिला में पहले से ही कुदरत ने जमकर कहर बरपाया है। यहां पर कई स्थानों पर बादलों के फटने की घटनाएं पेश आने से जमकर नुकसान हुआ है।

आगामी दिनों के दौरान भी मंडी जिला में बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट दिया गया है। छह जुलाई को मंडी में हैवी टू वैरी हैवी रेन फॉल होने का रेड अलर्ट है।

यहां लोगों को और ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। प्रदेश में शुक्रवार को ही मौसम के मिजाज बदलने शुरू को गए हैं।

हालांकि सुबह के समय अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा मगर दोपहर बाद आसमान में काले बादलों के साथ धूंध घिर गई थी। उक्त अवधि के दौरान मैदानों सहित पहाड़ों पर कई स्थानों पर झमाझम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

कहां, कितनी बारिश
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई स्थानों पर जमकर बारिश हुई है। शिमला में 36.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

इसके अलावा पालमपुर में 21.2, कांगड़ा में 22.7, मंडी में 20.4, बिलासपुर में 13.6 और नेरी में 29.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बारिश होने से तापमान में भी गिरावट आई है। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *