ढेलू गाँव में लाखों के गहने और नकदी चोरी
जोगिन्दरनगर: जोगिन्दरनगर के समीप ढेलू में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर में सेंधमारी कर लाखों रुपए के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोर घर से करीब पांच से छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण तथा लगभग 12 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए हैं।
जानकारी के अनुसार ढेलू निवासी सरवन कुमार अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और घर आई उनकी बेटी भी मौजूद थी। रात करीब पौने तीन बजे सरवन कुमार जब शौच आदि के लिए उठे तो उन्हें घर में कुछ सामान बिखरा हुआ दिखाई दिया।
उन्हें संदेह हुआ तो उन्होंने कमरे की ओर जाकर देखा, जहां कमरे का ताला टूटा हुआ था। कमरे के भीतर जाने पर उन्होंने देखा कि अलमारी का सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था।
अलमारी में रखे गहनों और नकदी की जांच करने पर दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी कानों की बालियां, दो अंगूठियां, कुछ चांदी के आभूषण तथा करीब 12 हजार रुपये की नकदी गायब पाई गई।
सरवन कुमार के अनुसार चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत करीब पांच से छह लाख रुपए के आसपास है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम रात में ही मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घर के आसपास के क्षेत्र की भी जानकारी जुटाई तथा चोरी की वारदात से जुड़े संभावित सुराग तलाशे। बताया जा रहा है कि चोरों ने घर के एक कमरे का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश किया और अलमारी को निशाना बनाया।
जिस समय चोरी की वारदात हुई, परिवार के सदस्य घर के अंदर ही सो रहे थे। ऐसे में चोर किस समय घर में दाखिल हुए और किस रास्ते से फरार हुए, यह पुलिस जांच का विषय बना हुआ है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है।








