नेपाल में दमखम दिखाएंगे हिमाचल के दस खिलाड़ी

हिमाचल प्रदेश के खेल इतिहास में मंगलवार को एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित होने वाली 7वीं एशियन स्वात (फ्रेंच किक बॉक्सिंग) प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में चयनित प्रदेश के 10 जांबाज खिलाडियों को मंगलवार को उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने भारतीय ध्वज सौंपकर गौरवपूर्ण विदाई दी।

नेपाल में दमखम दिखाएंगे हिमाचल के दस खिलाड़ी

उपायुक्त ने खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें आगामी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। उपायुक्त कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान डीसी मंडी ने खिलाडिय़ों से संवाद किया और उनका मनोबल बढ़ाया।

उन्होंने खिलाडिय़ों को तिरंगा सौंपते हुए कहा कि यह न केवल मंडी जिला, बल्कि संपूर्ण हिमाचल प्रदेश के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि हमारे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि खिलाड़ी अपनी कड़ी मेहनत और खेल भावना से अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराएंगे और स्वर्ण पदक जीतकर लौटेंगे।

यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 29 अप्रैल से तीन मई तक नेपाल के प्रतिष्ठित काठमांडू विश्वविद्यालय में आयोजित की जा रही है। भारतीय टीम में शामिल हिमाचल के ये 10 खिलाड़ी एशिया के विभिन्न देशों जैसे जापान, वियतनाम, चीन और ईरान के खिलाडिय़ों के साथ कड़े मुकाबले में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाडिय़ों में चिल्ड्रेन वर्ग में काव्यांशी ठाकुर (39 किग्रा), जूनियर वर्ग-वरुण वालिया (52 किग्रा), राहुल (56 किग्रा), सूर्य प्रताप सिंह कटवाल (60 किग्रा), सीनियर पुरुष वर्ग-अमर चंद (52 किग्रा), ऋषभ शर्मा (65 किग्रा), पंकज कुमार (75 किग्रा), सीनियर महिला वर्ग-होमनी (52 किग्रा), रेखा (56 किग्रा), सपना कुमारी (75 किलोग्राम) शामिल है।

टीम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए भारतीय महिला टीम की कमान अनुभवी कोच संतोषी देवी (सावते इंडिया महिला टीम कोच) को सौंपी गई है।

इसके साथ ही, टीम में शामिल अमर चंद और पंकज कुमार को खिलाडिय़ों के साथ-साथ ऑफिशियल के रूप में भी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

खेल जगत में हर्ष की लहर

स्वात एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के पदाधिकारियों ने इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी जताई है। एसोसिएशन की महासचिव संतोषी शर्मा ने कहा कि उपायुक्त मंडी द्वारा खिलाडिय़ों को ध्वज सौंपकर रवाना करना प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन निरंतर राज्य में मार्शल आर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *