मंडी जिला पुलिस में 5 थानों के थानेदार बदले
मंडी जिला पुलिस में 5 थानों के थानेदार बदल दिए गए हैं। पुलिस महकमे में 5 थानों और चौकी स्तर पर हुई फेरबदल में 3 थानेदार और 2 दरोगा की कुर्सियां बदल गई हैं। इस अदला-बदली में सरकाघाट से लेकर करसोग तक थानेदारों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं। यानी अब इन थानों में पुराने चेहरे की जगह नए थानेदार कानून-व्यवस्था की कमान संभालते नजर आएंगे।
सकीनी कपूर-सरकाघाट
तबादला आदेशों के तहत जोगिन्दरनगर थाने के प्रभारी सकीनी कपूर को सरकाघाट थाना भेजा गया है।
जोगिन्दरनगर-रणजीत सिंह
वहीं जोगिन्दरनगर थाने की कमान अब इंस्पेक्टर रंजीत सिंह संभालेंगे। ऐसे में जोगिन्दरनगर पुलिस स्टेशन में भी अब नए कप्तान के साथ पुलिसिंग का अंदाज बदलता दिखाई दे सकता है। जोगिन्दरनगर में इंस्पेक्टर रणजीत सिंह के तबादले से उम्मीद जगी है।
रजनीश ठाकुर-हटली
इसी कड़ी में सरकाघाट थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर रजनीश ठाकुर का तबादला हटली थाना किया गया है।
बृज लाल -कोटली
वहीं हटली थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर बृज लाल को कोटली चौकी की जिम्मेदारी संभालने के आदेश जारी हुए हैं।
बृजभूषण-करसोग
फेरबदल यहीं नहीं रुका। कोटली से स्थानांतरित हुए सब इंस्पेक्टर बृजभूषण को जिला मंडी की सीमा पर स्थित करसोग थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यानी पुलिस महकमे के इस फेरबदल में अधिकारियों की तैनाती एक तरह से सरकाघाट से करसोग तक नई पुलिसिंग की तस्वीर तैयार कर रही है।
लोगों को नए कप्तान से हैं कई उम्मीदें
इससे पहले जोगिन्दरनगर में इंस्पेक्टर सकीनी कपूर थाना प्रभारी थे। लेकिन उनके कार्यकाल जोगिन्दरनगर में चोरी का सिलसिला लगातार जारी रहा।
एक के बाद एक चेारियां होती रहीं और चोर अब तक नहीं पकड़े गए हैं। इंस्पेक्टर रंजीत पहले भी जोगिन्दरनगर में रह चुके हैं। इसलिए लोगों को आशा है कि अब चोरियों का सिलसिला खत्म होगा और चोर पकड़े जाएंगे।
जोगिन्दरनगर थाना प्रभारी ने संभाली कमान
पुलिस थाना जोगिन्दरनगर में थाना प्रभारी सकीनी कपूर के अचानक तबादले के बाद इंस्पेक्टर रणजीत सिंह ने मंगलवार को नए थाना प्रभारी (एसएचओ) का कार्यभार संभाल लिया।
34 वर्ष का है कार्य अनुभव
करीब 34 वर्षों की पुलिस सेवा में रणजीत सिंह चंबा में विजिलेंस विभाग और धर्मशाला में तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा की सुरक्षा में भी सेवाएं दे चुके हैं। बैजनाथ क्षेत्र से संबंध रखने वाले रणजीत सिंह वर्ष 2024 में भी पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में सेवाएं दे चुके हैं।
इंस्पेक्टर लाल चंद ने किया स्वागत
इसके अलावा वह मंडी जिले के कोटली समेत अन्य थानों में भी तैनात रहे हैं। मंगलवार दोपहर थाना पहुंचने पर सब इंस्पेक्टर लाल चंद ने शॉल, टोपी और पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
कानून व्यवस्था होगी मज़बूत
कार्यभार संभालने के बाद रणजीत सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी। नशा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ आम लोगों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए भी पुलिस प्रभावी ढंग से काम करेगी।








