मौसम के करवट बदलते ही रोहतांग व मनाली की चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। रोहतांग सहित मनाली की अन्य चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। वहीँ समूचे जोगिन्दरनगर क्षेत्र में भी बारिश के बाद वीरवार को शीतलहर है।

यहाँ हुई बर्फ़बारी
लाहौल की ओर बारालाचा, शिंकुला, कुंजुम, लेडी ऑफ केलांग, बड़ा व छोटा शीघ्री ग्लेशियर, चंद्रभागा रेज सहित समस्त ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। बर्फ से ढकी अटल टनल रोहतांग सैलानियों की पहली पसंद बन गई है।
पर्यटकों ने बर्फ का उठाया लुत्फ़
सैलानियों ने बुधवार को टनल के साऊथ पोर्टल में बर्फ के फाहों का लुत्फ उठाया। वहीं मनाली में दोपहर बाद बारिश हुई, जिससे मौसम ठंडा हो गया है। बीते कुछ दिनों से लाहौल में मौसम सुहावना चल रहा था कि एकाएक दोपहर बाद आकाश में बादल छाए और बारिश का क्रम शुरू हो गया।
बीआरओ का काम हुआ प्रभावित
बर्फ पड़ने से बीआरओ का काम भी प्रभावित हुआ। इन दिनों बर्फ से लकदक अटल टनल सैलानियों की पहली पसंद बन गई है। चारों ओर बिछी बर्फ की मोटी परत सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
क्या कहा एसडीएम ने
एसडीएम मनाली रमन शर्मा ने कहा कि अटल टनल रोहतांग में सैलानी बर्फ का दीदार कर रहे हैं। अटल टनल रोहतांग में पर्यटकों की आवाजाही मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर रहेगी।
सोलंगनाला से आगे नहीं जाएंगे पर्यटक
बर्फबारी शुरू होने की सूरत में पर्यटकों को सोलंगनाला से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने पर्यटकों से आग्रह किया है कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।


जोगिन्दरनगर में शीतलहर
बुधवार को जोगिन्दरनगर क्षेत्र में बारिश और आंधी तूफ़ान के कारण तापमान में गिरावट दर्ज़ की गई है। वहीँ वीरवार को जोगिन्दरनगर क्षेत्र में शीतलहर है। आसमान में बादल छाए हुए हैं तथा हल्की धूप भी है।