होम

मनाली से अमृतसर, जिस्पा से दिल्ली के लिए चलेंगी नई वोल्वो बसें

हिमाचल प्रदेश से नई वोल्वो बस सेवाओं को शुरू कर दिया गया है। हिमाचल के भीतर जहां वोल्वो बसों से यात्रा को और सुखद व मजबूत बनाया गया है वहीं प्रदेश से बाहर भी नई वोल्वो बसों को चलाने का निर्णय लिया गया है।

जानकारी के अनुसार अमृतसर के लिए जहां मनाली से नई वोल्वो बस सेवा को शुरू किया जा रहा है। वहीं लाहुल-स्पीति के जिस्पा से भी नई वोल्वो बस दिल्ली के लिए चलेगी।

शुक्रवार को ही एचआरटीसी ने इन नई बसों के आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा शेष जो दूसरी नई वोल्वो बसें हैं उनकी टाइमिंग भी तय कर दी गई है।

धर्मशाला के मकलोडगंज से भी हरिद्वार के लिए नई बस सेवा को शुरू करने के आदेश हुए हैं। मनाली से अमृतसर के लिए जो नई वोल्वो बस सेवा शुरू की जा रही है, वो बस शाम चार बजे मनाली से चलेगी।

जिस्पा दिल्ली के लिए वोल्वो बस का समय भी शाम चार बजे का रहेगा। यह दोनों नई बीएस-6 बसें हैं, जिनको शुरू करने के आदेश जारी किए हैं।

मकलोडगंज से हरिद्वार वोल्वो बस जल्द

नादौन से भी हमीरपुर होते हुए नई वोल्वो बस दिल्ली के लिए चलेगी जो कि रात नौ बजे वहां से प्रस्थान करेगी। वैट लीज बस का एग्रीमेंट टर्मिनेट होने के बाद मकलोडगंज से हरिद्वार के लिए एचआरटीसी अपनी नई वोल्वो बस सेवा को शुरू करेगा।

शिमला से दिल्ली वोल्वो बसों की टाइमिंग

शिमला से दिल्ली के लिए नई वोल्वो बसों की सेवा को शुरू करने का निर्णय हुआ है, जिसके तहत शिमला से दिल्ली पहली बस रात आठ बजे, दूसरी बस नौ बजे भेजने के आदेश जारी हुए हैं।

तीसरी बस रात 9 बजकर 30 मिनट पर जाएगी। सुबह शिमला से दिल्ली को नौ बजकर 45 मिनट पर बस चलेगी। शिमला-चंबा वाया चंडीगढ़ बस सेवा का समय शाम चार बजे का रखा गया है।

यह रूट की सबसे लंबी दूरी की बस है, जिसमें कई जिलों से क्रॉस होती है यह बस चंबा तक जाएगी।

चंबा के लिए पहली बार वोल्वो बस

चंबा के लिए पहली बार एचआरटीसी वोल्वो बस सेवा शुरू कर रहा है। इसी तरह से नालागढ़ से दिल्ली के लिए नई वोल्वो बस का समय सुबह सात बजे का रखा गया है।

पांवटा साहिब से भी पहली बार वोल्वो बस को शुरू किया जा रहा है। पांवटा से दिल्ली के लिए बस सुबह पांच बजे निकलेगी।

हर रूट पर दो-दो बसें

एचआरटीसी ने सभी नई वोल्वो बसों के रूट निर्धारित कर दिए हैं। उपरोक्त रूटों पर दो-दो बसें चलेंगी। पुरानी दिल्ली को चलने वाली दस बसें कंडम हो चुकी थीं, जिनको रिप्लेस कर दिया है।

वो पुराने निर्धारित समय पर ही चलेंगी। जयपुर के लिए भी नई बस की डिमांड है, जिसे फिलहाल शुरू नहीं किया जा सकता है।

निगम की बढ़ेगी आमदनी

एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा का कहना है कि इन बसों के चलने से निगम की आमदनी में बढ़ोतरी होगी। निगम को जरूरी है कि बेहतरीन बस सेवाओं का संचालन करके आमदनी को बढ़ाए जिसके लिए सरकार बड़े फैसले ले रही है।

खासकर चंबा रूट पर एक भी वोल्वो नहीं थी और पहली बार इस रूट पर वाया चंडीगढ़ बस चलेगी जो कि काफी लंबा सफर तय करके शिमला तक आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *