पर्यटकों के लिए जल्द खुलेगा रोहतांग दर्रा

रोहतांग दर्रा पर चारों ओर बिछी बर्फ की सफेद चादर पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कुल्लू-मनाली के मशहूर पर्यटन स्थल 13,050 फुट ऊंचे रोहतांग दर्रे में अढ़ाई फुट मोटी बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है।

रोहतांग दर्रे में हुए ताज़ा हिमपात का नज़ारा

बीआरओ के जवान बर्फ हटाते हुए रोहतांग दर्रे पर पहुंच गए हैं। यह दर्रा पर्यटकों के लिए जल्द ही बहाल हो जाएगा। हालांकि इस दर्रे से शीघ्र बर्फ हटाने का मुख्य कारण लेह जाने वाले डीजल व पैट्रोल के टैंकर हैं लेकिन दर्रे के बहाल होने से कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटकों को भी आसानी से रोहतांग दर्रे के दीदार हो सकेंगे।

देश व दुनिया के पर्यटकों की पहली पसंद रहने वाले रोहतांग दर्रे में अढ़ाई फुट बर्फ की मोटी परत बिछी है। एनजीटी के आदेशानुसार हर रोज परमिट लेकर 1200 पर्यटक वाहन रोहतांग जा सकेंगे।

प्रशासन ने पर्यटकों को ऑनलाइन परमिट की सुविधा दी है। रोहतांग परमिट नामक वैबसाइट पर पर्यटक रोहतांग के लिए परमिट बुक कर सकते हैं।

5 अक्तूबर से सैलानियों के लिए बंद हो गया था रोहतांग दर्रा

बीआरओ बर्फ हटाते हुए रोहतांग दर्रे पर पहुंच गया है। गत 5 अक्तूबर से बर्फबारी होने से रोहतांग दर्रा सैलानियों के लिए बंद हो गया था।

सैलानी हालांकि मढ़ी तक जा रहे हैं लेकिन दर्रा अभी बंद है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि बीआरओ द्वारा रोहतांग दर्रा बहाल करने के बाद जल्द ही दर्रे का दौरा किया जाएगा और हालात सहित पार्किंग व्यवस्था होते ही पर्यटकों के लिए रोहतांग बहाल कर दिया जाएगा।

साहसिक खेलों की मचेगी धूम

रोहतांग दर्रे में जल्द ही सैलानी बर्फ की खेलों का आनंद ले सकेंगे। इससे जहां पर्यटक साहसिक खेलों से रू-ब-रू हो सकेंगे वहीं स्थानीय लोगों का भी रोजगार चल सकेगा। सैलानी रोहतांग दर्रे में स्नो स्कीइंग, स्नो स्कूटर, स्नो ट्यूब, घुड़सवारी व माऊंटेन बाइक सहित मढ़ी में पैराग्लाइडिंग का आनंद ले सकेंगे।

होटलों में दी जा रही 30 से 35 प्रतिशत की छूट

कुल्लू-मनाली के होटलों में पर्यटकों को 30 से 35 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। लंबे समय से मंदी की मार झेल रहे पर्यटन कारोबारियों को जल्द ही पर्यटन कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद है।

होटल एसोसिएशन के निवर्तमान उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि आने वाले दिनों में मनाली में पर्यटकों का मेला लगेगा। उन्होंने कहा कि रोहतांग दर्रे के बहाल होते ही मनाली में पर्यटन कारोबार गति पकड़ेगा।

क्या कहते हैं बीआरओ कमांडर

बीआरओ कमांडर कर्नल गौरव ने बताया कि रोहतांग दर्रे में हिमपात होने के कारण डीजल-पैट्रोल लेकर लेह-लद्दाख जा रहे वाहन मढ़ी में फंसे हुए हैं।

यातायात सुचारू रखने को लेकर युद्धस्तर पर रोहतांग बहाली की जा रही है। मशीनें दर्रे में पहुंच गई हैं। सोमवार शाम तक रोहतांग के बहाल होने की उम्मीद है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *