हिमाचल प्रदेश में फिर से बारिश और बर्फ़बारी का अलर्ट ज़ारी

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से फिर से हिमाचल प्रदेश में लगातार तीन दिन बादल बरसने वाले हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में मंगलवार से लगातार तीन दिन बारिश-बर्फबारी होगी। इस दौरान कुछ भागों में भारी बारिश व ओलावृष्टि का यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में किसानों-बागबानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

राज्य के कई भागों में बीते कुछ दिनों मौसम लगातार खराब बना हुआ है। बीते 24 घंटें में कसौली, राजगढ़, धर्मपुर, सराहन व शिमला, जोगिंद्रनगर, रोहड़ू, सोलन, बिलासपुर सदर, कंडाघाट व शिलारू में 2-2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल प्रदेश में सात से नौ अप्रैल के दौरान व्यापक वर्षा होने की संभावना है, जिसकी अधिकतम गतिविधि आठ अप्रैल को होने की संभावना है।

प्रदेश के कुछ हिस्सों में सात और आठ अप्रैल के दौरान ओलावृष्टि होने की संभावना है। सात और आठ अप्रैल को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन और शिमला जिलों में और सात अप्रैल को चंबा जिला में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आठ अप्रैल को शिमला जिला में कुछ जगहों पर भारी बारिश-बर्फबारी और सिरमौर, मंडी और सोलन में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी हुआ है।

सात और आठ अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, सिरमौर, शिमला, सोलन, मंडी, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ अंधड़ चलने का यलो अलर्ट है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *