हिमाचल प्रदेश में दो दिन बारिश का अलर्ट ज़ारी

तपते पहाड़ों पर रविवार को बरसीं राहत की बौछारों के चलते हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी शिमला में इस बदले हुए मौसम के बीच ओलावृष्टि हुई, वहीं प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने से मौसम में ठंडक आई है।

राहत की बौछारें गिरने का यह सिलसिला अगले कुछ दिन तक बरकरार रहने की उम्मीद है, जबकि 20 व 21 जून को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर रविवार सुबह से ही आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे। शिमला में दोपहर में ही अंधेरा छा गया था और दोपहर बाद यहां काले अंबर ने जमकर ओलावृष्टि की। दोपहर बाद पहाड़ों पर कई स्थानों में बारिश शुरू हो गई थी।

चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर में भी कई स्थानों पर तेज बारिश आंकी गई है। मैदानी इलाकों में भी कई स्थानों पर बारिश हुई है।

बारिश होने से अधिकतम तापमान में बीते रोज के मुकाबले तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जिससे मौसम ठंडा हुआ है और गर्मी से आम जनता को निजात मिली है।

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा 16 से 19 जून के बीच प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद 20 और 21 जून को भारी बारिश होने का अलर्ट प्रदेश भर के लिए दिया गया है।

तापमान की बात करें तो शिमला का अधिकत्तम तापमान 27 डिग्री आंका गया है। सुंदरनगर का 35.1, भुंंतर का 37.2, कल्पा का 22.4, धर्मशाला का 32.0, ऊना में 39.8, नाहन में 33.8 अधिकतम तापमान रहा है।

कांगड़ा में सबसे ज्यादा बरसा पानी

रविवार को सबसे अधिक बारिश कांगड़ा में 34.0 मिलीमीटर रिकार्ड की गई है। शिमला में 7.0 मिलीमीटर, सुंदरनगर में एक मिलीमीटर, जबकि धर्मशाला में 16.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है।

इसके अलावा नाहन में 2.8, केलांग में 1.0, मनाली में 3.0, मंडी में 4.0, चंबा में 4.0, कुफरी में 7.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *