जोगिन्दरनगर कालेज परिसर में एनएसएस स्वयंसेवियों ने की साफ़ सफाई
जोगिन्दरनगर : राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय जोगिन्दरनगर में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवियों द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर की क्यारियों सहित पूरे परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर की सफाई की और महाविद्यालय को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान दिया। इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रकाश चंद मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्रवण डोगरा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयंसेवियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना रहा।
