‘दिव्य हिमाचल’ के मेगा इंवेट ‘मिस हिमाचल-2026’ का ताज शिमला निवासी व पालमपुर में वेटनेरी डाक्टर की छात्रा 23 वर्षीय पारुल ठाकुर के सिर पर सजा है।

टांडा मेडिकल कालेज के सरदार सोभा सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित ‘मिस हिमाचल-26’, मुख्य प्रयोजक अर्नी यूनिवर्सिटी इंदौरा कांगड़ा व कॉ-पावर्ड बाय रोजा हर्बल केयर, के भव्य ग्रैंड फिनाले में टॉप-20 फाइनलिस्टों में से शिमला की पारुल ठाकुर ने ब्यूटी विद ब्रेन का कमाल दिखाते हुए हिमाचल का सबसे बड़ा ताज अपने नाम किया।
वहीं शिमला की ही बीएससी लाइफ साइंस की छात्रा 19 वर्षीया अक्षरा चौहान ने फर्स्ट रनरअप और मंडी बीड़ की बीबीए छात्रा 18 वर्षीय सिद्धि गोयल ने सेकेंड रनरअप का खिताब अपने नाम किया।
विजेताओं को पिछले वर्ष की मिस हिमाचल प्रगति शर्मा, श्रेया ठाकुर व वितष्ठा ने क्राउन पहनाए। विजेता प्रतिभागियों के नामों की घोषणा होते ही उन पर उपहारों की बारिश होनी शुरू हो गई।
‘मिस हिमाचल’ का खिताब जीतने वाली पारुल ठाकुर को ‘दिव्य हिमाचल’ की ओर से कैश प्राइज, अर्नी यूनिवर्सिटी व रोजा हर्बल केयर की ओर से मेगा उपहार-गिफ्ट वाउचर संग दर्जनों उपहार प्रदान किए गए।
मुख्यातिथि जिला एवं सत्र न्यायधीश कांगड़ा धर्मशाला कंवर चिराग भानु सिंह ने इनामी राशि का चैक व पुरस्कार देकर विजेताओं को सम्मानित किया। ‘दिव्य हिमाचल’ मीडिया ग्रुप की ओर से एक लाख रुपए इनाम के रूप में विजेता प्रतिभागियों को प्रदान किए गए।
साथ ही रोजा हर्बल केयर की ओर से प्रोफेशनल विज्ञापन शूट के लिए भी तीनों विजेताओं को साइन करने का उपहार दिया गया है।
इससे पहले डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा के सरदार सोभा सिंह ओडिटोरियम में ताज जीतने के लिए टॉप-20 फाइनलिस्ट में खूब टक्कर हुई।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि हिमाचल प्रदेश के जिला एवं सत्र न्यायाधीश कांगड़ा धर्मशाला कंवर चिराग भानु सिंह ठाकुर, विशेष अतिथि अर्नी यूनिवर्सिटी इंदौरा कांगड़ा के चांसलर डा. विवेक सिंह, रोजा हर्बल केयर के डायरेक्टर देपिंद्र सिंह नारंग, मिस इंडिया की मिस सुपरनेशनल इंडिया-2026 की विजेता अवनी गुप्ता, ‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ के सीएमडी भानु धमीजा, प्रधान संपादक अनिल सोनी, स्कीन एंड ब्यूटी एक्सपर्ट डा. भारती तनेज़ा, फिनिशिंग एवं ग्रूमिंग इंस्टीट्यूट की एमडी ट्विंकल सभ्रवाल व मॉडल व एक्ट्रेस काजल शर्मा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
साथ ही ‘मिस हिमाचल’ की विजेता प्रतिभागियों की मिस सुपरनेशनल अवनी के साथ कैटवॉक भी आयोजित की गई। इस दौरान समस्त सभागार तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा।
जोगिन्दरनगर क्षेत्र की है रनर अप सिद्धि गोयल
विकास खंड चोतड़ा के तहत ग्राम पंचायत तल्केहड़ के सतेन गांव से संबंध रखने वाली सिद्धि गोयल ने उत्तर भारत के प्रतितिष्ठत समाचारपत्र दिव्य हिमाचल ‘मिस हिमाचल ’ प्रतियोगिता में रनर अप स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम गौरवान्तित किया है। बेटी की कामयाबी पर गांव में जश्र है। इस दौरान मिठाई बांटी गई।

घर में बधाइयों का तांता लगा है। जानकारी के अनुसार सिद्धि गोयल के पिता धीरज गोयल, उनकी माता शीतल गोयल और उनके नाना सेवानिवृत्त कैप्टन जगरूप सिंह भंगालिया ,नानी मीना भंगालिया और भाई अर्नव गोयल ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है ।
इस मौके पर नाना कैप्टन जगरूप सिंह भंगालिया ने अपनी दोहती के इस प्रदर्शन पर अपने गांव में मिठाई बांट कर इस खुशी का इजहार किया है । यह प्रतियोगिता अरनी यूनिवर्सिटी और दिव्य हिमाचल के सौजन्य से आयोजित की गई थी जिसमें बेटी की इस उपलब्धि पर परिवार जनों ने प्रसन्नता जाहिर की है ।
परिवार जनों ने बताया कि सिद्धि इससे पहले भी अपनी यूनिवर्सिटी में बहुत सारे मुकाम हासिल कर चुकी है जिसमें विभिन्न मॉडल प्रतियोगिताओं में उन्होंने इनाम हासिल किए हैं। बेटी की उपलब्धि पर लोगों ने उनको और उनके परिजनों को बधाई दी है।































