कोविड-19 : पूरे यूरोप में नई लहर

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दुनियाभर में बढ़ते कोरोना मामलों को लेकर आगाह किया है। उन्होंने कहा कि महामारी अभी खत्म नहीं हुई है, क्योंकि दुनियाभर में रोजाना 15 लाख से भी अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। नए वेरिएंट की वजह से पूरे यूरोप में एक नई लहर फैल रही है। एशिया भी इससे अछूता नहीं है। गुटेरेस ने ये बातें कोरोना महामारी से बचाव को लेकर हुए ग्लोबल अलायंस फॉर वैक्सीन्स एंड इम्युनाइजेशन (जीएवीआई) की एक समिट में कही। उन्होंने दुनियाभर की सरकारों और फार्मा कंपनियों से हर जगह वैक्सीन पहुंचाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कई देशों में महामारी की शुरुआत के बाद से सबसे ज्यादा मौतें देखी जा रही हैं। पूरी दुनिया में कोरोना के अब तक 49 करोड़ से अधिक मामले सामने आए हैं। वहीं, 61 लाख से अधिक मौतें हुई हैं। देश के लिहाज से देखें तो सबसे अधिक नए साप्ताहिक केस दक्षिण कोरिया में (20.58 लाख), जर्मनी (13.71 लाख) फ्रांस (9.59 लाख), वियतनाम (7.96 लाख) और इटली (4.86 लाख) में मिले हैं। दुनियाभर में सबसे अधिक साप्ताहिक मौतें अमरीका में (4,435), रूस (2,357), दक्षिण कोरिया (2,336), जर्मनी (1,592) और ब्राजील (1,436) में हुई हैं।

नया वेरिएंट आना तय
गुटेरेस ने कहा कि ओमिक्रॉन वेरिएंट से हमें पता चलता है कि वायरस बहुत तेजी से म्यूटेट कर सकता है और फैल सकता है। वैक्सीनेशन न होने पर इसकी आशंकी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि अगला वेरिएंट आना तय है, लेकिन यह कब आएगा इसको लेकर सवाल होना चाहिए। दुनियाभर में वैक्सीन की असमानता की वजह से नए वेरिएंट तेजी से बन रहे हैं। नए वेरिएंट की वजह से और भी मौतें हो रही है।

एक्सई वेरिएंट ने बढ़ाई चिंता, मुंबई में मिला दूसरा मरीज
मुंबई में ओमिक्रॉन के सब-वेरिएंट एक्सई का अब दूसरा मामला सामने आ गया है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने पुष्टि करते हुए कहा कि अब मुंबई के सांताक्रूज में 67 वर्षीय व्यक्ति एक्सई वेरिएंट से सक्रमित पाया गया है। बताया जा रहा है कि वह 11 मार्च को काम के सिलसिले में वडोदरा गया था, जहां एक होटल में मीटिंग में शामिल होने के बाद उसकी तबीयत खराब हो गई थी, जब उसका कोविड टेस्ट किया गया तो उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई।

गुजरात में भी मिला नए वेरिएंट का एक केस
कोरोना का नया वेरिएंट गुजरात में दस्तक दे चुका है। 13 मार्च को शख्स कोविड पॉजिटिव निकला था, लेकिन एक हफ्ते बाद उसकी स्थिति ठीक थी। जब सैंपल के नतीजे आए, तो उसमें वह शख्स एक्सई वेरिएंट से संक्रमित निकला।