तेज़ रफ़्तार बाइक की टक्कर से घायल स्कूटी सवार कारोबारी टांडा रैफर

जोगिन्दरनगर : मंडी-पठानकोट हाईवे पर जोगिन्दरनगर के मुख्य बाजार में रविवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार कारोबारी सचिन सूद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक चालक राहुल निवासी कुमंडी (सुधार), बरोट को भी चोटें आई हैं।

दोपहर के समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार यह हादसा दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुआ। सचिन सूद स्कूटी पर बाजार से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आई बाइक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से सड़क पर गिरने के कारण सचिन को छाती, बाजू और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में चोटें आईं।

सचिन को किया टांडा रैफर

दोनों घायलों को जोगिन्दरनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ. रितुल ने प्राथमिक उपचार किया। राहुल की हालत स्थिर होने पर उसे छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर स्थिति के चलते सचिन सूद को टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने अस्पताल में घायल सचिन सूद के बयान दर्ज करने का प्रयास भी किया, लेकिन उनकी नाजुक हालत के कारण फिलहाल बयान दर्ज नहीं हो सका।

व्यापार मंडल ने जताई चिंता

व्यापार मंडल अध्यक्ष भास्कर गुप्ता समेत कारोबारी हरीश सोनी, राजीव बहल, विवेक वालिया और अमित शर्मा ने हादसे पर चिंता जताई। सचिन सूद की पत्नी सुमन सूद ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कर रही जांच

सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मंडी में खड़ी चढ़ाई पर पलटी ऑल्टो

उधर मंडी में हनुमान मंदिर के समीप खड़ी चढ़ाई पर सफेद रंग की ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार को नुकसान पहुंचा, जबकि गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन खड़ी चढ़ाई वाले मार्ग पर अचानक दुर्घटना का शिकार हुआ। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *