हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, रोहतांग सहित ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी

तीन माह से सूखे जैसे हालत के बीच शनिवार को हिमाचल प्रदेश के कई भागों में मौसम ने करवट बदली। रोहतांग दर्रा के साथ कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम से आए बदलाव से घाटी में ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। पर्यटन कारोबारियों के साथ किसान-बागवानों को बर्फबारी व बारिश का बेसब्री से इंतजार है।

शनिवार सुबह से रोहतांग दर्रा सहित कुंजम दर्रा, बारालाचा पास, शिंकुला दर्रा, घेपन पीक, चंद्राभागा रेंज की पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी का दौर शुरू हुआ। जबकि कुल्लू व लाहौल घाटी में बादल छाए हुए हैं। वहीं, राजधानी शिमला में हल्की धूप खिलने के साथ बादल छाए हुए हैं।

राज्य के कई भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से शनिवार सुबह जारी बुलेटिन के अनुसार प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ भागों में 16 व 17 जनवरी को बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है।

उधर, मैदानी जिलों में 14 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। शनिवार सुबह भी कई क्षेत्रों में कोहरे के चलते वाहन चालकों को परेशानी हुई।

मौसम विभा के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान सुबह के समय मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा (नूरपुर), सिरमौर (पांवटा साहिब-धौलाकुआं) और सोलन (बद्दी- नालागढ़) के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वाहन चालकों को सुबह के समय सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी गई है।

बीते 24 घंटे में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान औसत न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। शुक्रवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 9.0, सुंदरनगर 3.6, भुंतर 5.1,

कल्पा 3.8, धर्मशाला 9.2, ऊना 4.0, नाहन 6.4, केलांग 0.2, पालमपुर 5.0, सोलन 4.0, मनाली 6.1, कांगड़ा 6.6, मंडी 3.8, चंबा 5.9, डलहौजी 6.4, जुब्बड़हट्टी 8.8, कुफरी 9.2, कुकुमसेरी 0.9, नारकंडा 7.3, भरमौर 9.3, रिकांगपिओ 7.1,

सेऊबाग 5.5, धौलाकुआं 6.4, बरठीं 2.6, समदो 0.3, पांवटा साहिब 8.0, सराहन 5.5 और देहरा गोपीपुर में 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, आज कई क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *