होम

चौंतड़ा क्षेत्र के टिकरी में चोरों ने चुराई नकदी और गहने

जोगिन्दरनगर : जोगिन्दरनगर उपमंडल के तहत चौंतड़ा क्षेत्र में हो रही लगातार चोरी की वारदात को देखते हुए लोगों को जागरूक व सक्रिय रहने की आवश्यकता है। जिन घरों के लोग बाहर रह रहे है। उन घरों को चोर निशाना बना रहे है।

चोरी के बाद बिखरा हुआ सामान

चौंतड़ा की टिकरी निवासी रणवीर सिंह के घर चोरों ने सेंध मार कर सोने के आभूषण और नकदी में हाथ साफ किया है।

रणवीर सिंह ने बताया कि पिछले दो महीने के बाद जब वह बुधवार को वापस अपने घर लौटे तब घर का मुख्य प्रवेश द्वार टूटा हुआ था और अंदर घर में बहुत सा सामान बिखरा हुआ था।

इसके उपरांत उन्होंने चोरी की सूचना स्थानीय पंचायत प्रधान रविंद्र कुमार को दी और उन्होंने पुलिस को सूचित किया। जिसके उपरांत पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी ।

रणवीर सिंह और उनका परिवार लंबे समय से शिमला में रहता है और घर में कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। जिससे चोरों ने उचित मौका देख कर घर में रखे सोने के आभूषण जिसमें एक सोने की नथ ,सोने की बालियां, कुछ नकदी और कुछ कपड़ों पर हाथ साफ किया है।

ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी करीब 10 दिन पुरानी हो सकती है। थाना प्रभारी जोगिन्दरनगर सकिनी कपूर भी स्वयं मौके पर मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस चोरों की धर पकड़ के लिए दिन-रात कार्य कर रही है जल्दी ही चोरों का पर्दाफाश कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि अपने घरों को अकेला ना छोड़े और अपने घर के आसपास गांव में किसी भी संदिग्ध लोगों के दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *