चौहार घाटी के आराध्य देवता हुरंग नारायण अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि मेले में भाग लेने के लिए अपने मूल मंदिर से प्रस्थान कर चुके हैं। 8 फरवरी को विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत देव हुरंग नारायण पारंपरिक यात्रा मार्ग से मंडी की ओर रवाना हुए।

देव प्रस्थान के साथ ही चौहार घाटी में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का वातावरण बन गया है। देव यात्रा के प्रथम चरण में देव हुरंग नारायण भटेहड़ गांव पहुंचे, जहां रात्रि ठहराव किया गया। देव आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ देवता का स्वागत किया तथा भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना की गई।
इसके पश्चात देव यात्रा दूसरे दिन सियून पंचायत और तीसरे दिन नारला में प्रवास करेगी। यात्रा मार्ग में आने वाले गांवों में श्रद्धालु देव दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
परंपरा के अनुसार 15 फरवरी को देव हुरंग नारायण सियासत काल की राजधानी रहे राज माधोराय (मंडी) पहुंचेंगे। मंडी पहुंचने पर देव श्री हुरंग नारायण मंडी जनपद के इष्ट देव से भेंट करेंगे।
इस अवसर पर राज माधोराय के ऐतिहासिक राजमहल की दूसरी मंजिल से पुष्प पंखुडिय़ों की वर्षा कर देवता एवं उनके साथ पधारे देवी-देवताओं का भव्य स्वागत किया जाएगा।
इस आयोजन में मंडी की जनता के साथ-साथ चौहार घाटी से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंडी आगमन के पश्चात देव हुरंग नारायण पुरानी मंडी स्थित त्रिलोकीनाथ मंदिर में सात दिनों तक रात्रि ठहराव करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि मेले की प्राचीन परंपरा के तहत देवता 16 फरवरी को पहली जलेब, 19 फरवरी को दूसरी जलेब तथा 22 फरवरी को अंतिम जलेब में शामिल होंगे।
देव श्री हुरंग नारायण की यह यात्रा चौहार घाटी और मंडी के बीच सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करती है।
भाटू करता है देवता की पूजा
हुरंग नारायण अपने मूल मंदिर हुरंग गांव से प्रस्थान कर भ_ेहड़ गांव पहुंचेे, जहां रात्रि ठहराव किया। देवता कमेटी के प्रधान राजू राम ने जानकारी देते हुए बताया कि भटेहड़ गांव में ब्राह्मण परिवार के घर रात्रि विश्राम किया।
उन्होंने बताया कि जब भी देवता श्री हुरंग नारायण का रथ तैयार किया जाता है, तो सबसे पहले ब्राह्मण द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है।
वर्तमान में देवता के ब्राह्मण हंस राज शर्मा हैं। देवता समाज में इस ब्राह्मण पद को भाटू कहा जाता है, जिसका विशेष धार्मिक और परंपरागत महत्व है। देवता श्री हुरंग नारायण के मुख्य गुर संजय ठाकुर हैं, जबकि पुजारी का दायित्व राजू राम निभा रहे हैं।





























