परीक्षाओं को लेकर बोर्ड की तैयारियाें को मिला अंतिम रूप

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।

बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने बताया कि प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बोर्ड पूरी तरह से मुस्तैद है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि बोर्ड का प्राथमिक लक्ष्य हर विद्यार्थी को एक समान अवसर और पूरी तरह से निष्पक्ष वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी प्रतिभा का सही मूल्यांकन हो सके।

​परीक्षा की शुचिता को लेकर बोर्ड इस बार बेहद सख्त रुख अपना रहा है। डा. शर्मा ने कहा कि परीक्षाओं में गोपनीयता और पारदर्शिता ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस संबंध में सभी परीक्षा केंद्र समन्वयकों और अधीक्षकों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं कि वे परीक्षा शुरू होने से ठीक एक दिन पहले निर्धारित समय पर सामग्री प्राप्त करें और केंद्र समन्वयकों की उपस्थिति में उसकी विधिवत जांच सुनिश्चित करें।

बोर्ड ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी स्तर पर सामग्री में त्रुटि या विसंगति पाई जाती है तो उसकी सूचना तत्काल मुख्यालय को दी जाए।

इन दिशा-निर्देशों के अक्षरशः पालन से न केवल परीक्षा प्रणाली विश्वसनीय बनेगी, बल्कि विद्यार्थियों और अभिभावकों का बोर्ड पर विश्वास और भी अधिक मजबूत होगा।

वहीं बोर्ड अध्यक्ष ने प्रदेश के विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें शांत मन से तैयारी करने का परामर्श दिया है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के तनाव से बचते हुए आत्मविश्वास के साथ पाठ्यक्रम का रिवीजन करें।

डॉ. शर्मा ने विश्वास जताया कि हिमाचल के विद्यार्थी अनुशासन, ईमानदारी और कठिन परिश्रम के बल पर परीक्षाओं में शानदार परिणाम प्राप्त करेंगे।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *