हिमाचल प्रदेश की चोटियों पर बर्फबारी से जनजातीय क्षेत्रों में बढ़ी ठंड

हिमाचल प्रदेश में मौसम के करवट बदलने के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कंपकंपाती सर्दी हो रही है। रोहतांग दर्रे सहित कुल्लू और लाहुल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर शनिवार को हल्की बर्फबारी हुई है, जबकि कोकसर में हल्की ओलावृष्टि दर्ज की गई। ताजा बर्फबारी से जनजातीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है और तापमान में गिरावट का दौर जारी है।

लाहुल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। हालांकि, राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली सहित कई क्षेत्रों में शनिवार को दिनभर धूप खिली रही।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने रविवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहुल-स्पीति के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके बाद 26 से 30 अक्तूबर तक प्रदेश भर में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।

प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर बढऩे लगा है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि केलंग में 0.1 डिग्री और ताबो में 0.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में रात के समय ठंड लगातार बढ़ रही है। वहीं, मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान अपेक्षाकृत अधिक बना हुआ है। पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

26 से कोई अलर्ट नहीं

मौसम विभाग के अनुसार 25 अक्तूबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। रविवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहुल-स्पीति में मौसम की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

इसके बाद 26 से 30 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। विभाग ने किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *