जोगिन्दरनगर में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर सेवानिवृत्त सूबेदार से ठगे छह लाख

जोगिन्दरनगर : डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर अपराधियों ने जोगिन्दरनगर के एक सेवानिवृत्त नायब सूबेदार से छह लाख रुपए की ठगी कर ली।

आरोपियों ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच और भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारी बताकर करीब तीन दिनों तक 66 वर्षीय भीमसेन निवासी घमरेहड़ को मानसिक रूप से प्रताडि़त किया और गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनसे रकम ऐंठ ली।

भीमसेन को अज्ञात नंबरों से फोन आए। फोन करने वालों ने उन पर धोखाधड़ी करने के कथित आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी का डर दिखाया। इसके बाद उन्हें लगातार निगरानी में रखने का दबाव बनाया गया।

आरोपियों ने हर दो घंटे में व्हाट्सऐप के माध्यम से अपनी स्थिति की रिपोर्ट देने को कहा तथा क्राइम ब्रांच और आरबीआई के नाम का डर दिखाकर उनके बताए गए खाते में पैसे जमा करवाने के लिए मजबूर किया।

डर के कारण भीमसेन ने आरोपियों के बताए अनुसार अभय यादव नामक व्यक्ति के खाते में चेक के माध्यम से छह लाख रुपए जमा करवा दिए।

इसके बाद साइबर अपराधियों ने उनसे जमीन और निजी संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मांगने शुरू कर दिए। इस पर भीमसेन को पूरे मामले पर संदेह हुआ और उन्होंने जोगिन्दरनगर पुलिस थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।

थाना प्रभारी जोगिन्दरनगर रणजीत सिंह ने बताया कि पीडि़त की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस द्वारा आरोपियों और रकम जिस खाते में जमा हुई है, उसकी जांच की जा रही है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *