शिमला में 15 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही 9 लोगों की जान

शिमला : आईएसबीटी में अव्यवस्थाओं और भारी लापरवाही का एक डराने वाला मामला सामने आया है। यहां फिल्म देखकर लौट रहे कई लोग नए बस स्टैंड की लिफ्ट खराब होने के कारण अंदर ही फंस गए।

आपातकालीन स्थिति में फोन पर पूरी जानकारी देने के बावजूद जब कोई मदद नहीं पहुंची तो घुटन से बचने के लिए लोगों को मजबूरन लिफ्ट का शीशा तोड़कर अपनी जान बचानी पड़ी।

15 मिनट तक अटकी रहीं 9 लोगों की सांसें

जानकारी के अनुसार इस लिफ्ट में कुल 9 लोग सवार थे, जिन्हें करीब 15 मिनट तक अंदर फंसे रहना पड़ा। जब काफी देर तक कोई सहायता नहीं आई तो लोगों ने लिफ्ट की खिड़की तोड़कर बाहर निकलने का फैसला किया। इसका एक वीडियो भी जारी हुआ है, जिसमें भी देखा जा सकता है कि एक तंग जगह से लोग एक-दूसरे को सहारा देकर और पैर रखने की जगह बताकर बड़ी मुश्किल से बाहर निकाल रहे हैं।

मरीजों और बुजुर्गों का हुआ बुरा हाल

लिफ्ट में फंसे लोगों में कई लोग ऐसे थे, जिन्हें स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं थीं। एक बुजुर्ग महिला पिंकी साहनी ने बताया कि वह सांस संबंधी रोग से परेशान हैं। लिफ्ट में फंस जाने और घुटन के कारण उनकी सांस अटक गई थी और उनकी हालत खराब होने लगी थी।

इसके अलावा इन 9 लोगों में एक ऐसा व्यक्ति भी फंसा था जिसके पैर की हाल ही में सर्जरी हुई थी। वहीं, एक 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग भी मौजूद थे, जिनके घुटने का आप्रेशन हुआ था। ऐसी शारीरिक स्थिति में शीशा तोड़कर बाहर निकलना उनके लिए और भी अधिक कष्टदायक रहा।

घोर लापरवाही

यह घटना आईएसबीटी में प्रबंधन की घोर लापरवाही को उजागर करती है। आपात स्थिति में सूचना देने के बावजूद मदद का न पहुंचना सुरक्षा व्यवस्थाओं पर बड़े सवाल खड़े करता है। लोगों का कहना है कि यहां चारों तरफ अव्यवस्थाओं का अंबार है। मैंटीनैंस की कमी के साथ-साथ परिसर में भारी गंदगी भी फैली रहती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *