जोगिन्दरनगर : जोगिन्दरनगर उपमंडल के तहत स्थित शहीद प्रताप सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिकरू में शनिवार को शिक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्या श्रीमती दिनेश कुमारी की अध्यक्षता में किया गया।

विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास
कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। शिक्षा संवाद का उद्देश्य विद्यालय, अभिभावक और समाज के मध्य समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना था।
आशा वर्कर ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
इस अवसर पर टिकरू स्वास्थ्य केंद्र की आशा वर्कर श्रीमती मृदुला कुमारी ने अभिभावकों को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि आगामी 29 मार्च से पूरे हिमाचल प्रदेश में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को बच्चेदानी के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) की रोकथाम हेतु वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह टीकाकरण पूर्णतः सुरक्षित है तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा अनुमोदित है। वैक्सीनेशन अभिभावकों की लिखित सहमति के उपरांत ही लगाया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे इस अभियान में सहयोग दें ताकि बेटियों का स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।
बेहतर मॉडल का किया प्रदर्शन
कक्षा 6 से लेकर 8 तक के बच्चों ने टीजीटी मेडिकल श्रीमती सुमना देवी की देखरेख में एक से एक बढ़कर मॉडल्स का प्रदर्शन किया। स्कूल के स्टाफ व एसएमसी के सदस्यों द्वारा सभी मॉडल्स का अवलोकन किया गया तथा उन्होंनें बच्चों के मॉडल्स को सराहा।

इन्होंनें भी किया संबोधित
शिक्षा संवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति श्री नारायण सिंह, राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता श्री सुभाष चंद,टीजीटी मेडिकल श्रीमती सुमना वप्रधानाचार्या श्रीमती दिनेश कुमारी ने शिक्षा के महत्व, गुणवत्ता सुधार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला।
शिक्षा केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने का माध्यम नहीं
वक्ताओं ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में शिक्षा केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। अभिभावकों और शिक्षकों के संयुक्त प्रयास, सतत संवाद और सकारात्मक मार्गदर्शन से ही विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
प्रधानाचार्या ने कहा
प्रधानाचार्या ने अपने विस्तृत संबोधन में कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यालय में आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, डिजिटल संसाधनों, स्मार्ट कक्षाओं, करियर मार्गदर्शन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को और सशक्त किया जाएगा।
अभिभावकों से आग्रह
उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन और अध्ययन आदतों पर विशेष ध्यान दें तथा विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय, अभिभावक और समाज के सामूहिक प्रयासों से यह संस्थान प्रगति करेगा।






























