डॉक्टर ट्रांसफर होने के कारण जोगिन्दरनगर क्षेत्र के लोग परेशान
जोगिन्दरनगर : सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर में तैनात डॉक्टरों के तबादले उपमंडल के लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ते नजर आ रहे है। ताजा मामले में सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर से तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादले टांडा, चंबा तथा हमीरपुर मेडिकल कॉलेजों के लिए के दिए गए हैं ।
सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर से स्त्री रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट तथा पैथोलॉजी के विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादले किए हुए है।
सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर में अब स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित बाल रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट सहित अनेक विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद खाली हो गए हैं।
मौजूदा में यहां स्वीकृत 19 चिकित्सकों के पदों में से अब केवल 7 पद ही डाक्टरों के भरे रह गए है जिस कारण जहां अस्पताल की ओपीडी प्रभावित हो रही है वहीं उपमंडल के विभिन्न भागों से यहां पहुंच रहे मरीजों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है विशेषकर दूरदराज से अस्पताल पहुंच रही गर्भवती महिलाओं को तो और भी अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और मजबूर होकर उन्हें निजी चिकित्सालयों का रुख करना पड़ रहा है।
पूर्व में भी यहां अनेक प्रकार के विरोध प्रदर्शन पश्चात प्रदेश सरकार द्वारा कुछ विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई थी लेकिन अब कुछ माह पश्चात ही यहाँ से चिकित्सकों को वापस भेजा जाने लगा है।
अपनत्व सेवा समिति जोगिंद्रनगर ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर से तब्दील किए गए चिकित्सकों के तबादले आदेश रद्द किए जाएं और सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर में अन्य चिकित्सकों की भी तैनाती की जाए, ताकि उपमंडल के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके।










