हिमाचल में अब दिसंबर में एक साथ होंगी स्कूल परीक्षाएं
हिमाचल प्रदेश में ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अवकाश वाले विद्यालयों में बोर्ड कक्षाओं को छोडक़र सभी कक्षाओं की परीक्षाएं एक साथ दिसंबर माह में आयोजित की जाएगी।
इस संबंध में प्रदेश शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिक्षा विभाग को महत्त्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। हालांकि इस संबंध में सरकार के सभी स्टेक होल्डर के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।
जानकारी के अनुसार हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय नहीं हुआ है लेकिन सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कई बड़े बदलाव के बीच अब बोर्ड की कक्षाओं की सभी परीक्षाएं एक साथ करवाने को लेकर कार्य शुरू हो चुका है।
बुधवार को शिक्षा में सुधारों को लेकर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में इस संबंध में शिक्षा मंत्री यह निर्देश जारी किए हैं। इन परीक्षाओं के आयोजन को लेकर शैक्षणिक कैलेंडर में भी बदलाव किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में राज्य के 146 सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई संबद्धता प्राप्त हो चुकी है। भविष्य में और अधिक विद्यालयों को सीबीएसई पाठ्यक्रम से जोड़ा जाएगा। शिक्षा मंत्री ने डा. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना की भी समीक्षा की।
खराब प्रदर्शन वाले शिक्षकों की रुकेगी वेतन वृद्धि
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए कक्षा 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों की वार्षिक वेतन वृद्धि रोकी जा सकती है। उन्होंने बायोमैट्रिक उपस्थिति को अनिवार्य बनाने और अनुपालना न होने की स्थिति में वेतन कटौती जैसे कदमों पर भी बल दिया।
टैबलेट वितरण के लिए डीबीटी अपनाने के निर्देश
विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण की समीक्षा करते हुए विभाग को इस प्रक्रिया में तेजी लाने तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली अपनाने के निर्देश दिए, ताकि पात्र विद्यार्थी अपनी आवश्यकता एवं पसंद के अनुसार उपकरण खरीद सकें। उन्होंने उप-निदेशकों को निर्देश देते हुए कहा कि उपलब्ध करवाई गई राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के लिए सुनिश्चित किया जाए।
पीजीटी-डीपीई की एलडीआर से होगी भर्ती
शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभिन्न श्रेणियों के 1131 एसएमसी शिक्षकों की नियुक्तियां एलडीआर श्रेणी के माध्यम से की गई हैं। इसके अतिरिक्त 714 पीजीटी तथा 102 डीपीई पदों के लिए एलडीआर प्रक्रिया शीघ्र आरंभ की जाएगी। कम्प्यूटर शिक्षकों के मामलों में आवश्यक नियम संशोधन किए जाएंगे।










