दिवाली से पहले जारी होंगे 6 पोस्ट कोड के लंबित परिणाम : मुख्यमंत्री

हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग को दिवाली से पहले छह लंबित पोस्ट कोड के नतीजे घोषित करने के निर्देश दिए हैं।

इनमें पोस्ट कोड 939 (जेओए आईटी) के लिए 295 पद, पोस्ट कोड 903 (जेओए आईटी) के लिए 82 पद, कॉपी होल्डर के लिए पोस्ट कोड 982, वर्कशॉप इंस्ट्रक्टर के लिए पोस्ट कोड 992, साइकोलॉजिस्ट के लिए पोस्ट कोड 994 और वर्कशॉप इंस्ट्रक्टर के लिए पोस्ट कोड 997 शामिल हैं।

आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने सरकारी क्षेत्र में युवाओं को पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर प्रदान करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी की चाहत रखने वाले प्रदेश के युवाओं के लिए इन छह लंबित पोस्ट कोड का परिणाम राज्य सरकार की ओर से दिवाली का तोहफा होगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मंत्रिमण्डल उप-समिति ने अब तक 21 लंबित पोस्ट कोड के परिणामों की घोषणा की अनुमति दी है, जिनमें से पोस्ट कोड 817, 999 और 969 के परिणाम पहले ही घोषित किए जा चुके हैं।

उन्होंने परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि छह परीक्षाओं के परिणाम दिवाली से पहले घोषित कर दिए जाएंगे और शेष 12 पोस्ट कोड के परिणाम नवम्बर माह में घोषित किए जाएंगे।

सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार पहले दिन से ही सरकारी कर्मचारियों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया, जिससे 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों को लाभ मिला।

हाल ही में राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत की वृद्धि की है। राज्य सरकार द्वारा सभी कर्मचारियों को 28 अक्तूबर तक दिवाली से पहले अक्तूबर माह के वेतन और पेंशन का भुगतान कर दिया जाएगा।

सर्किट हाउस में सुनीं जनसमस्याएं

बता दें कि हमीरपुर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार सुबह सवेरे सर्किट हाउस हमीरपुर में लोगों की जन समस्याएं सुनीं।

अलग-अलग क्षेत्र से आए लोगों ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से रूबरू करवाया। मुख्यमंत्री ने मौके पर अधिकारियों को लोगों की समस्याओं को लेकर दिशा निर्देश जारी किए। खास बात यह रही की भाजपा नेत्री एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव उर्मिला ठाकुर ने भी सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ मुलाकात की ।

उर्मिल ठाकुर कुछ लोगों के साथ सर्किट हाउस पहुंची हुई थीं। उनकी इस मुलाकात को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी वहां हो रही थीं, हालांकि यह मुलाकात राजनीतिक न होकर लोगों से जुड़ी समस्याओं को लेकर बताई जा रही है।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के सचिव के साथ मुलाकात की और लंबित भर्ती परिणाम के बारे में विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की ।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *