परौर से पद्धर तक टू लेन नहीं, अब फोरलेन बनाने का प्रस्ताव
हिमाचल प्रदेश की महत्वाकांक्षी पठानकोट-मंडी फोरलेन परियोजना के तीन महत्त्वपूर्ण चरणों का निर्माण कार्य फिलहाल केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की फाइलों में अटक गया है। राजोल से ठानपुरी, परौर से जोगिन्दरनगर और जोगिन्दरनगर से पद्धर तक के इन तीनों पैकेजों को अभी तक मंत्रालय से अंतिम मंजूरी (फाइनल अप्रूवल) नहीं मिल पाई है।
राज्य सरकार और केंद्र के बीच समन्वय की कमी और परियोजना के स्वरूप में किए गए बड़े बदलावों के कारण धरातल पर काम शुरू होने में अभी और वक्त लगना तय माना जा रहा है।
परियोजना में देरी का एक प्रमुख कारण सडक़ों की चौड़ाई को लेकर भेजा गया संशोधित प्रस्ताव है। पूर्व में परौर से जोगिन्दरनगर और जोगिन्दरनगर से पद्धर के बीच के हिस्से को केवल टू-लेन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था।
हालांकि क्षेत्र में लगातार बढ़ते यातायात के दबाव और अन्य तकनीकी मापदंडों को देखते हुए अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एनएचएआई और राज्य सरकार ने इन दोनों हिस्सों को भी फोरलेन बनाने की सभी औपचारिकताएं पूरी कर नया प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा है।
अब मंत्रालय की विशेष टीम इस नए प्रस्ताव का गहन अध्ययन करेगी, जिसके बाद ही यह तय हो पाएगा कि इस मार्ग पर फोरलेन बनेगा या पुराना टू-लेन प्लान ही लागू रहेगा।
दूसरी ओर, राजोल से ठानपुरी तक के पैकेज का मामला अलाइनमेंट मार्ग परिवर्तन के कारण मंत्रालय में फंस गया है। पहले इस फोरलेन को गगल एयरपोर्ट के ऊपरी छोर यानी धर्मशाला के नजदीक चैतड़ू की तरफ से निकालने की योजना थी, लेकिन अब इसमें बदलाव करते हुए इसे एयरपोर्ट के निचले छोर यानी तियारा वाले क्षेत्र से बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है।
इस बदलाव की फाइल केंद्र के पास लंबित होने के कारण पूरे प्रोजेक्ट की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है, जिसके चलते एयरपोर्ट से विस्थापित हुए लोग भी परेशान हो रहे हैं। उनको इसलिए भी टेंशन है कि यादि उन्होंने नया घर बनाया और वह एरिया फोरलेन में आ गया तो फिर से विस्थापन का दंश झेलना पड़ेगा।
जानकार कहते हैं कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच तालमेल की कमी भी इन सडक़ मार्गों की राह में रोड़ा बन रही है। जब तक मंत्रालय से सभी तकनीकी और प्रशासनिक मंजूरियां नहीं मिल जातीं, तब तक इन तीनों पैकेजों पर निर्माण कार्य शुरू होना संभव नहीं है।
