रफ़्तार सुस्त होने के चलते अभी प्रदेश में मानसूनी बारिश के आसार नहीं

हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून की एंट्री पिछले साल के मुकाबले देर से होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मौजूदा मौसम परिस्थितियां अभी मानसून के अनुकूल नहीं हैं। ऐसे में जून के तीसरे सप्ताह के समाप्त होने तक भी प्रदेश में मानसून के पहुंचने की संभावना कम नजर आ रही है।

पिछले वर्ष 20 जून को मानसून ने हिमाचल में दस्तक दे दी थी, लेकिन इस बार इसकी गति धीमी पड़ गई है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की उत्तरी सीमा अभी हिमाचल से काफी दूर है और 23 जून तक इसके बिहार के अधिकांश हिस्सों तथा छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में हिमाचल में मानसून के आगमन में अभी और देरी हो सकती है।

प्रदेश में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 25 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों को कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 20, 21 और 22 जून तक कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

विभाग ने 20 और 21 जून के लिए लाहुल-स्पीति और किन्नौर को छोडकऱ प्रदेश के 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है।

वहीं 22 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 23 से 26 जून तक प्रदेश में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *