3 मंजिला घर में आग लगने से 25 लाख रुपए का नुक्सान

मंडी जिला के तहत स्थित चौहार घाटी की बरधान पंचायत के पालाखुंडी गांव में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से एक परिवार का तीन मंजिला स्लेटपोश घर जलकर राख हो गया।

इस अग्निकांड में लगभग 25 लाख रुपए की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग सुखदेव पुत्र चंद राम के तीन मंजिला मकान में लगी।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मकान के चार कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। नकदी-आभूषण व सामान जलकर नष्ट हो गया।

उस समय घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, जिसके चलते प्रारंभिक स्तर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही कलहोग, जमटेहड़ तथा आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयासों से आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।

ग्रामीणों की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे साथ लगे चार अन्य मकान बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बच गए। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था।

घटना की सूचना मिलने पर हलका पटवारी हीरा लाल और सचिन भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया।

प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को शीघ्र उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *