मंत्रिमंडल की बैठक मे सैंकड़ों पदों को भरने की मंजूरी

हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक मंगलवार को राज्य सचिवालय में आयोजित की गई। सीएम जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में विभिन्न विभागों में विभिन्न श्रेणियों के सैकड़ों पदों को भरने के अलावा कई बड़े फैसले लिए गए हैं। बैठक में सभी मंत्री मौजूद रहे। हिमाचल सरकार सरकारी स्कूलों के करीब तीन लाख विद्यार्थियों को निशुल्क बैग देगी। मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया है। पहली, तीसरी, पांचवी और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों ये बैग मिलेंगे।

वहीं, प्रदेश सचिवालय में कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी) के स्थान पर क्लर्क के 100 पदों को भरने का निर्णय लिया। ये पद  अनुबंध के आधार पर भरे जाएंगे।  कैबिनेट ने राज्य में ‘स्वर्ण जयंती परंपरागत बीज सुरक्षा एवं संवर्धन योजना’ लागू करने का निर्णय लिया। बैठक में कांगड़ा जिले की फतेहपुर तहसील क्षेत्र में विभिन्न श्रेणियों के 12 पदों के सृजन के साथ नई उप तहसील खोलने का निर्णय लिया गया।

वन विभाग में कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के 12 पदों को भरने का निर्णय लिया। साथ ही अभियोजन विभाग में चपरासी के 30 पदों को दैनिक वेतन के आधार पर भरने का भी निर्णय लिया। राज्य सचिवालय में सफाई कर्मचारी के 28 पदों को भी भ्रने का निर्णय लिया। बैठक में हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन में 10 पदों को भरने का निर्णय लिया गया।

कैबिनेट ने चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में डीन के पांच और निदेशक के दो पदों को भरने का निर्णय लिया। वहीं, मत्स्य विभाग में मत्स्य अधिकारी के दो व  मत्स्य क्षेत्र सहायक के 20 पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से अनुबंध आधार पर भरने का निर्णय लिया।

परिवहन विभाग में मोटर वाहन निरीक्षकों के 7 पदों को अनुबंध के आधार पर भरने का निर्णय लिया। जिला शिमला के अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (पॉलिटेक्निक विंग) प्रगतिनगर में वरिष्ठ व्याख्याता (कम्प्यूटर अभियांत्रिकी) का एक पद व व्याख्याता (विद्युत अभियांत्रिकी) का एक पद सृजित करने की स्वीकृति प्रदान की। अभियोजन विभाग में कनिष्ठ आशुलिपिक के दो पदों को अनुबंध के आधार पर सीधी भर्ती के माध्यम से भरने का भी निर्णय लिया।

साथ ही मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के रैन गांव और  सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के चिराल में नए प्राथमिक विद्यालय खोलने को भी अपनी सहमति दी। बैठक में कुल्लू जिले के प्रखंड आणी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय देवरी को स्तरोन्नत करने के साथ ही विभिन्न श्रेणियों के तीन पदों के सृजन व भरने का निर्णय लिया गया। मंडी में नए विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए हिमाचल प्रदेश विधानसभा में सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी (स्थापना और विनियमन) विधेयक 2021 को पेश करने को भी अपनी मंजूरी दी।

 

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।