हिमाचल प्रदेश के दस जिलों में लू का अलर्ट ज़ारी

हिमाचल में प्रचंड गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है तथा प्रदेशवासियों को दो दिन और गर्मी की मार झेलनी पड़ेगी। इस दौरान प्रदेश के 10 जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है।

जनजातीय जिलों किन्नौर और लाहुल-स्पीति को छोडक़र बाकी सभी जिलों में हीट वेव का अलर्ट मौसम विभाग ने बताया है। ऊना जिला में अगले दो दिन लू चलने का खतरा है।

यही अलर्ट बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, के लिए भी है। शिमला, सोलन और सिरमौर के लिए 12 जून को लू चलने का अलर्ट दिया गया है।

बुधवार को भी राज्य के कई शहर 40 डिग्री से ऊपर रहे। ऊना जिला का तापमान सबसे ज्यादा 44.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसी तरह कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, सुंदरनगर का तापमान भी 40 डिग्री से ऊपर रहा है।

हमीरपुर के नेरी का तापमान लगातार दूसरे दिन 43.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पिछले तीन दिनों से अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है।

15 और 16 जून को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। इसके चलते 14 जून के बाद ही अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आएगी।

इसके बाद का मौसम मानसून के हिमाचल पहुंचने की तारीख पर निर्भर करेगा। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून थोड़ा एडवांस है और 15 से 20 जून के बीच कभी भी प्रदेश में पहुंच सकता है।

गर्मी सिर्फ दो दिन और

मौसम विभाग ने 14 जून से कई जिलों में तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते दो दिन बाद प्रदेश को प्रचंड गर्मी से राहत मिल जाएगी। 16 तक राहत की बौछारों का अनुमान है और फिर मानसून भी दस्तक देने वाला है।

दिल्ली में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में है और मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। कई इलाकों में तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

12 जून तक दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, 13 जून की रात से राहत की उम्मीद जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश की संभावना है।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।