जोगिन्दरनगर से आरसीएफसी केंद्र शिफ्ट करने का कांग्रेस ने जताया विरोध
जोगिन्दरनगर : आयुष विभाग के अंतर्गत संचालित क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र (रीजनल कम फैसिलिटेशन सेंटर-आरसीएफसी) को जोगिन्दरनगर से सोलन के नौणी स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के बीच जिला कांग्रेस कमेटी मंडी ने इसका कड़ा विरोध जताया है।
किसी भी सूरत में नहीं जाने देंगे
जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी गुरु शरण परमार ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि किसी भी सूरत में इस महत्वपूर्ण संस्थान को जोगिंदर नगर से जाने नहीं दिया जाएगा।
सांसद करे हस्तक्षेप
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत को ज्ञापन सौंपकर केंद्र के प्रस्तावित स्थानांतरण को रोकने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने सांसद कंगना रनौत से मांग की कि वह आयुष मंत्रालय एवं राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड के समक्ष इस मामले को गंभीरता से उठाएं और जोगिन्दरनगर से आरसीएफसी केंद्र के प्रस्तावित स्थानांतरण को तत्काल प्रभाव से रुकवाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा यह केंद्र
गुरु शरण परमार ने कहा कि राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड (NMPB) एवं आयुष मंत्रालय के सहयोग से वर्ष 2017 में जोगिंदर नगर में स्थापित यह केंद्र उत्तर भारत के सात राज्यों के किसानों, विद्यार्थियों तथा औषधीय पौधों से जुड़े हितधारकों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
यहां किसानों को औषधीय पौधों की खेती का प्रशिक्षण, उच्च गुणवत्ता की पौध सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ विपणन संबंधी सहायता भी प्रदान की जाती है।
किसानों को होगा नुक्सान
उन्होंने कहा कि यदि इस प्रतिष्ठित संस्थान को सोलन स्थानांतरित किया जाता है तो मंडी जिला, विशेषकर जोगिन्दरनगर क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को इसका सीधा नुकसान उठाना पड़ेगा। इसके अलावा केंद्र में कार्यरत कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की आजीविका भी प्रभावित होगी।
आन्दोलन करने के लिए होंगे मजबूर
गुरु शरण परमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र को जोगिन्दरनगर से हटाने का प्रयास किया गया तो क्षेत्र के लोग संघर्ष समिति का गठन कर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और सरकार की होगी।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष एवं एपीएमसी सदस्य प्यार सिंह ठाकुर, पूर्व सचिव यूथ कांग्रेस संतोष ठाकुर तथा कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ जोगिन्दरनगर के पूर्व अध्यक्ष शशी अवस्थी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।








