होम

हेड कांस्टेबल मनोज ठाकुर पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज

28 जनवरी को सरकाघाट की टिक्कर पंचायत के खठोगण गांव में गोली लगने के कारण घायल हुई युवती के मामले में नया मोड़ आ गया है।

इस मामले में युवती प्रमिला के माता पिता ने अब चर्चित पुलिस हेड कांस्टेबल मनोज ठाकुर के खिलाफ गोली चलाने के आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी है।

जिसके बाद मनोज ठाकुर के खिलाफ सरकाघाट थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बता दें कि यह वाक्य 28 जनवरी का है। सरकाघाट के खठोगण गांव में गोली चलने के बाद युवती प्रमिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

गोली लगने के बाद युवती को पहले रिवालसर अस्पताल और उसके बाद नेरचोक मेडिकल कॉलेज से पीजीआई के लिए रेफर किया गया था। गोली युवती के दिल के पास लगी है और उसका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है।

पहले इस मामले में यह बात सामने आई थी कि बंदरों को भगाने के लिए एयर गन से गोली चलने के कारण छर्रे लगने से युवती घायल हुई थी, लेकिन अब युवती के माता पिता ने सीधे-सीधे हेड कांस्टेबल मनोज ठाकुर के खिलाफ गोली चलाकर उसे घायल करने के आरोप लगाए हैं।

यह गोली एयर गन से चलाई गई या किसी पिस्टल से, इसे लेकर भी अब पुलिस जांच करेगी।

पीड़ित युवती और हेड कांस्टेबल मनोज दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और पड़ोसी हैं। अब आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज होने के बाद मनोज ठाकुर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने बताया की युवती के माता पिता की शिकायत मिली है। जिसके आधार पर मनोज ठाकुर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *