रक्षाबंधन पर शुक्रवार को इन संस्थानों में नहीं होगा अवकाश
रक्षाबंधन पर शुक्रवार को पूरे हिमाचल में अब सरकारी छुट्टी घोषित कर दी गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सदन में यह घोषणा की। यह छुट्टी सिर्फ बैंकिंग संस्थानों में नहीं होगी, जबकि बाकी संस्थान बंद रहेंगे।
सीएम ने कहा कि अमूमन रक्षाबंधन पर सिर्फ महिला कर्मचारियों को छुट्टी होती है, लेकिन पुरुषों के दफ्तर में होने के कारण इसका उतना लाभ नहीं मिलता।
राज्य सरकार रक्षाबंधन पर सभी सरकारी विभागों, बोर्ड निगमों और शिक्षण संस्थानों इत्यादि में अवकाश की घोषणा करती है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से राज्य सरकार के मुख्य सचिव ने इस बारे में नोटिफिकेशन भी जारी कर दी।
विधानसभा में मुख्यमंत्री की घोषणा के साथ ही उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी स्टेटमेंट दी कि रक्षाबंधन पर शुक्रवार को एचआरटीसी की बसों में महिलाएं पूरा दिन फ्री यात्रा कर सकेंगी। इसकी सारी व्यवस्था कर दी गई है।
