होम

बेंगलुरु से शिमला पहुंचीं एचआरटीसी की 24 नई वोल्वो बसें

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की नई 24 वोल्वो बसें अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ राजधानी शिमला पहुंच गई हैं।

बेंगलुरु से इन बसों को पांच दिनों के भीतर निगम के प्रशिक्षित चालकों द्वारा चलाकर शिमला की तारादेवी वर्कशॉप लाया गया है।

जुलाई माह के पहले सप्ताह में रजिस्ट्रेशन व इंस्पैक्शन की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ये सभी बसें प्रदेश के विभिन्न शहरों से दिल्ली, चंडीगढ़, कटड़ा, जम्मू सहित अन्य प्रमुख रूटों पर चलना शुरू हो जाएंगी।

नई बसों के जुड़ने से प्रदेश के भीतर और बाहरी राज्यों से आने-जाने वाले यात्रियों व पर्यटकों को अत्यधिक सुविधा मिलेगी।

अत्याधुनिक 9600 मॉडल की हैं वोल्वो बसें

एचआरटीसी द्वारा खरीदी गई ये सभी वोल्वो बसें 9600 मॉडल की हैं, जो अब तक की सबसे नई डिजाइन वाली लग्जरी वोल्वो मानी जा रही है।

ये बसें न केवल देखने में आकर्षक हैं, बल्कि तकनीकी दृष्टि से भी पहले से कहीं अधिक उन्नत हैं। हर बस में यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से एसपीएएफ (SPAF) फायर सेफ्टी सिस्टम लगाया गया है, जो आग लगने की स्थिति में ऑटोमेटिक अलर्ट होकर पानी की बौछारें छोड़ता है और आग को बुझाने में सक्षम है।

इन्वर्टर नहीं होगा ट्रिप, लैपटॉप व मोबाइल चार्जिंग होगी आसान

नई वोल्वो बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को अब मोबाइल व लैपटॉप चार्ज करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इन बसों में 125 वाट के पावरफुल इन्वर्टर लगाए गए हैं, जिससे चार्जिंग के समय इन्वर्टर ट्रिप नहीं होंगे।

इससे पहले की वोल्वो बसों में चार्जिंग के दौरान अक्सर इन्वर्टर बंद हो जाते थे, जिससे यात्रियों को अपने गैजेट चार्ज करने में कठिनाई होती थी। नई व्यवस्था यात्रियों को एक बेहतर डिजिटल यात्रा अनुभव प्रदान करेगी।

फ्लोर लाइटिंग सिस्टम से मिलेगा आरामदायक सफर

इन वोल्वो बसों में नई डिजाइन की लाइटिंग व्यवस्था की गई है। परंपरागत छत में लगने वाली लाइटों की जगह अब बस के फ्लोर में लाइटें लगाई गई हैं।

इसका फायदा यह होगा कि रात के समय यात्रियों को नींद में खलल नहीं होगा और वे आराम से बस में चढ़ने-उतरने का अनुभव ले सकेंगे। इसके अलावा इन बसों में बेहतरीन क्वालिटी के एसी सिस्टम, नई कम्फर्टेबल सीटें और साफ-सुथरा इंटीरियर भी यात्रियों के लिए एक नया अनुभव लेकर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *