बाबा महाकाल मंदिर में शुरू हुए भाद्रपद माह के शनिवार को लगने वाले मेले
जिला काँगड़ा के बैजनाथ से कुछ ही दूरी पर स्थित बाबा महाकाल मंदिर में भाद्रपद माह के शनिवार को लगने वाले मले आरम्भ हो गए हैं। भाद्रपद माह के पहले शनिवार को महाकालेश्वर मंदिर महाकाल में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा महाकाल, शनिदेव महाराज और मां दुर्गा के दर्शन कर पुण्य फल की प्राप्ति की।
शनिवार को तड़के चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद सुबह से ही मंदिर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। शनिदेव महाराज के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने शनि शिला पर तेल, माह, तिल और काले वस्त्र अर्पित कर शनि दोषों के निवारण की कामना की।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल और मां दुर्गा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल की प्रार्थना की। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर ट्रस्ट द्वारा मंदिर परिसर में वॉटर प्रूफ शेड लगाया गया है, ताकि बारिश में भी लोग बाबा महाकाल जिनके दर्शन कर सकें।
मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, जिसके लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
भाद्रपद माह के पहले शनिवार को मंदिर में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस बार भी भाद्र पद माह के चार शनिवार होंगे।
