बीड़-बिलिंग में 28 अक्तूबर तक सोलो पैराग्लाइडिंग पर रोक

बीड़-बिलिंग : जिला काँगड़ा में स्थित विश्वविख्यात पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में प्रतिकूल मौसम और हालिया हादसों के मद्देनजर प्रशासन ने 28 अक्तूबर तक सोलो पैराग्लाइडिंग उड़ानों पर रोक लगा दी है।

उपमंडल अधिकारी (नागरिक) बैजनाथ संकल्प गौतम ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। हालांकि, अधिकृत एवं योग्य पायलटों और ऑपरेटरों की निगरानी में टैंडम उड़ानें जारी रह सकेंगी।

प्रशासन के अनुसार क्षेत्र में तेज हवाओं, बारिश, कम दृश्यता और बादलों की स्थिति में बदलाव के कारण पैराग्लाइडिंग गतिविधियों में जोखिम बढ़ गया है। ऐसे में मानव जीवन की सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एहतियातन यह कदम उठाया गया है।

टैंडम उड़ान से पहले मौसम का आकलन करना अनिवार्य होगा। तेज हवाओं, बारिश, कम दृश्यता या अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों में उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पैराग्लाइडिंग मार्शलों को सोलो उड़ानों पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन करवाने और टैंडम उड़ानों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने या असुरक्षित उड़ान की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देनी होगी।

प्रशासन ने सभी ऑपरेटरों और पायलटों को निर्धारित सुरक्षा मानकों तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पर्यटकों को मौसम की मौजूदा स्थिति की जानकारी देने और सुरक्षा सुनिश्चित न होने पर उड़ान की अनुमति नहीं देने को कहा गया है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *