होम

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि का यलो अलर्ट ज़ारी

लंबे सूखे के बाद हिमाचल में किसानों और बागवानों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने बारिश और बर्फबारी की भविष्यवाणी की है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश और बर्फबारी का असर समूचे प्रदेश में देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने प्रदेश के आठ जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज गर्जना के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

विभाग के अनुसार आठ दिसंबर को ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के अलग-अलग हिस्से में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

बारिश का यह असर नौ दिसंबर को भी बरकरार रहेगा। इन सभी जिलों में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है और इसके साथ ही बीते दो महीने से ज्यादा समय से चल रहा ड्राई स्पेल भी खत्म हो जाएगा।

लाहुल-स्पीति, चंबा, किन्नौर, कांगड़ा, शिमला और कुल्लू जिलों के कुछ स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना रहेगी।

लाहुल में जम गया नाला

शीत मरुस्थल लाहुल-स्पीति में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां तापमान शून्य से नीचे लुढक़ रहा है। ऐसे में घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।

दोपहर बाद ठंड इतनी अधिक बढ़ रही है कि यहां नदी-नाले, बहते झरने भी जम चुके हैं। बीते दिनों रोहतांग दर्रे में हुई बर्फबारी के बाद से काफी अधिक संख्या में सैलानी मनाली पहुंचना शुरू हो गए हैं।

बर्फ देखने की चाह में अधिकतर सैलानी लाहुल का रुख कर रहे हैं। यहां बर्फ के दीदार तो नहीं हो रहे हैं, लेकिन ठंड से बहता पानी कैसे जम रहा है, वे उसे कैमरे में कैद करने का आनंद जरूर ले रहे हैं।

तापमान में गिरावट

प्रदेश में सूखे मौसम के बीच तापमान में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। प्रदेश में ताबो में सबसे ज्यादा ठंड महसूस हो रही है।

  • यहां न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला है। ताबो में माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तापमान बना हुआ है।
  • कुकुसमेरी में माइनस 6.6 डिग्री, समधो में माइनस 4.4 डिग्री, कल्पा में माइनस 0.8 डिग्री, भुंतर में माइनस 0.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।
  • इसके अलावा सियोबाग 1.3, सोलन 2.0, बरठीं 2.7, पालमपुर 3.0, सुंदरनगर 3.0, ऊना 3.6, मंडी 3.9, भरमौर 4.4, बिलासपुर 5.1, कांगड़ा 5.5, धौलाकुआं 6.2, सराहन 6.4, धर्मशाला 6.9, शिमला 8.0, पांवटा साहिब 10.0 और नाहन में 10.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।
  • प्रदेश भर में बीते चौबीस घंटे के दौरान औसतन दो डिग्री सेल्सियस तापमान की गिरावट देखने को मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *