गोद लिए स्कूलों में विजिट अनिवार्य : उपायुक्त
अपना विद्यालय योजना के तहत गोद लिए गए स्कूलों में अधिकारियों का विजिट अनिवार्य है। मंडी में नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सोमवार को उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय केंद्र (एनकॉर्ड) समिति की बैठक में यह आदेश दिए हैं।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ अभियान को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपना विद्यालय योजना के तहत गोद लिए गए स्कूलों में नियमित रूप से भ्रमण करें।
विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़े मार्गदर्शन के साथ-साथ नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया जाए। उन्होंने पुलिस, स्वास्थ्य, समाज कल्याण विभाग, नगर निगम, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों को भी अपनी बैठकों में प्रदेश सरकार के एंटी-चिट्टा अभियान की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक लोगों से ड्रग्स फ्री हिमाचल ऐप डाउनलोड करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में नशे की दृष्टि से 24 संवेदनशील पंचायतों में विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि पंचायत स्तर और शैक्षणिक संस्थानों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देकर युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रयास किए जाएं।
उन्होंने सभी विभागों से समन्वित कार्रवाई करते हुए अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। बैठक में भांग उखाड़ो अभियान की भी समीक्षा की गई। साथ ही जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाए।








