भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के मैच में पाकिस्तान को 61 रन से हराया। टूर्नामेंट के इतिहास में यह भारत की पाकिस्तान पर रन के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सुपर-8 राउंड के लिए क्वॉलिफाई कर लिया है।

भारतीय टीम ने बनाए 175 रन
रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। 176 रन का टारगेट चेज कर रही पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई।
इसी के साथ टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की यह आठवीं हार है। भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक टी-20 विश्व कप में कुल मिलाकर नौ मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से आठ मैच भारतीय टीम ने अपने नाम किए हैं और केवल एक ही मैच पाकिस्तानी टीम जीत पाई है।
ट्वेंटी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत ने,पाकिस्तान के खिलाफ बनाया सबसे बड़ा स्कोर
कोलंबो में खेले गए भारत और पाकिस्तान के मुकाबले में भारत ने इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने टी-20 के इतिहास में भारत बनाम पाकिस्तान मैच का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया है। भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए।
इससे पहले जो टोटल बना था, वह साल 2022 में 160 रन का था, जिसे भारत ने ही छह विकेट के नुकसान पर बनाया था। विश्व कप में भारत पाकिस्तान मैच में तीसरा सबसे बड़ा टोटल 159 रन का है, जिसे पाकिस्तान ने साल 2022 के विश्व कप में आठ विकेट के नुकसान पर बनाया था। चौथा सबसे बड़ा टोटल ने भारत ने पाक के खिलाफ विश्व कप के पहले एडिशन में 157 रन बनाए थे।
सूर्या का सबक, नहीं मिलाया हाथ
एशिया कप के दौरान भारतीय टीम ने फैसला किया था कि वह पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएंगे। टॉस के समय कप्तान सूर्यकुमार ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था।
टी-20 विश्व कप 2026 में भी भारतीय टीम ने यही रुख अपनाया है। सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान कप्तानी को इग्नोर किया और उनसे हाथ नहीं मिलाया। टॉस के समय भारतीय कप्तान ने कहा कि वह पहले बैटिंग ही करना चाहते थे।
सूर्या ने कहा, हम पहले बैटिंग करना चाहते थे। हमने पिछले दो गेम डिफेंड करते हुए जीते हैं, इसलिए हम इसे बदलना नहीं चाहते। यह एक मौका है, यह एक हाई-स्टेक गेम है। यह खेल आपको बहुत कुछ सिखाता है, कोई भी टीम किसी भी दिन गेम जीत सकती है।
कोलंबो में दिग्गजों का जमावड़ा
भारत और पाकिस्तान के बीच ट्वेंटी-20 विश्व कप के महामुकाबले के दौरान रविार को कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में दिग्गजों का जमावड़ा लगा।
विश्व कप के सबसे चर्चित मुकाबले के लिए श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके, इंटरनेशनल क्रिकेट कांउसिल के चेयरमैन जय शाह, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष मिथुन मनहास, पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी स्टेडियम में दिखे।































